मुंबई लोकल के महिला डिब्बे में पावर बैंक फटने से आग, यात्रियों ने सूझबूझ से टाला बड़ा हादसा

0

मुंबई। मुंबई की उपनगरीय लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में एक यात्री के बैग में रखा पावर बैंक अचानक फटने के बाद आग लग गई। घटना से डिब्बे में धुआं फैल गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, यात्रियों की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार घटना शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे दादर से बदलापुर जा रही लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में हुई। ट्रेन घाटकोपर स्टेशन पहुंचने से कुछ समय पहले एक महिला यात्री के बैग में रखा पावर बैंक संदिग्ध रूप से फट गया। इसके बाद बैग में आग लग गई और डिब्बे में धुआं भरने लगा।

स्थिति को देखते हुए यात्रियों ने तत्काल अलार्म चेन खींचकर रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। कुछ यात्रियों ने जलते हुए बैग को डिब्बे से बाहर निकाला और पानी डालकर आग बुझाई। इस दौरान महिला यात्री का सामान जलकर नष्ट हो गया।

दो मिनट तक घाटकोपर स्टेशन पर रुकी ट्रेन

घटना के बाद लोकल ट्रेन सेवा DBL-2 को सुरक्षा जांच के लिए घाटकोपर स्टेशन पर दोपहर 12:51 बजे से 12:53 बजे तक रोका गया। रेलवे कर्मचारियों ने डिब्बे का निरीक्षण किया और स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया। सुरक्षा दल के कर्मचारियों ने अलार्म चेन की व्यवस्था को भी दोबारा सामान्य किया और घटना से संबंधित तस्वीरें लीं।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, जिस यात्री के बैग में आग लगी, उसकी पहचान संबंधी जानकारी दर्ज नहीं हो सकी। घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई।

एक अन्य लोकल में मोबाइल फोन में लगी आग

इसी बीच शनिवार रात मुंबई की एक अन्य लोकल ट्रेन में भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के गर्म होने से आग लगने की घटना सामने आई। पनवेल से वडाला जा रही एसी लोकल के महिला डिब्बे में करीब 10:15 बजे एक यात्री के मोबाइल फोन में आग लग गई। इस घटना में भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोकल ट्रेनों में पावर बैंक, मोबाइल फोन और अन्य लिथियम बैटरी वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। यात्रियों को खराब, क्षतिग्रस्त या असामान्य रूप से गर्म होने वाले पावर बैंक का इस्तेमाल नहीं करने तथा ऐसे उपकरणों को सावधानी से रखने की सलाह दी जाती है।