मथुरा से अयोध्या के लिए श्रीकृष्ण जन्मभूमि का प्रसाद रवाना

0

मथुरा। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा से सोमवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि द्वारा अयोध्या धाम स्थित श्रीराम जन्मभूमि के लिए भव्य प्रसाद रवाना किया गया। गाजे-बाजे और भक्ति संगीत के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।

सुबह करीब 10 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर से सुसज्जित वाहन में प्रसाद को विधिवत पूजन-अर्चन के बाद रवाना किया गया। इस अवसर पर 11 मन धनिया की पंजीरी, सवा मन लड्डू, पंचमेवा, फल, भगवान श्रीराम के लिए वस्त्र-श्रृंगार तथा अन्य सुगंधित सामग्री भेजी गई।

प्रसाद यात्रा अन्न सेवा धाम से प्रारंभ होकर केशव देव मंदिर और भागवत भवन होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान राधा-कृष्ण के सजीव स्वरूपों के साथ श्रद्धालु राधे-राधे और जय श्रीराम के जयघोष करते हुए शामिल हुए। बड़ी संख्या में संत-महंत और श्रद्धालुओं की उपस्थिति से वातावरण भक्तिमय हो गया।

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने कहा कि भगवान राम और भगवान कृष्ण एक ही दिव्य शक्ति के दो स्वरूप हैं और यह आयोजन सनातन धर्म की एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि अयोध्या में रामनवमी महोत्सव के लिए यह प्रसाद विशेष रूप से भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान के कारीगर भी अयोध्या भेजे गए हैं, जो वहां श्रीराम जन्मभूमि की रसोई में विशेष भोग तैयार करेंगे। इसे सनातन परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया गया है।