राष्ट्रीय गौरव व राष्ट्रीय चेतना का अनूठा स्थल है प्रताप गौरव केन्द्र : देवनानी

उदयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि उदयपुर में प्रताप गौरव केन्द्र महज पर्यटन स्थल ही नहीं बल्कि यह राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय चेतना का अनूठा केन्द्र भी है।

देवनानी गुरूवार सुबह यहां प्रताप गौरव केन्द्र पहुंचे और उन्होंने वीरता, पराक्रम, त्याग और देश भक्ति के प्रतीक महान योद्धा महाराणा प्रताप के स्मारक को नमन कर पुष्पांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल के रूप में प्रदेश और देश में इस केन्द्र ने राष्ट्रीय पर्यटन नक्शे में स्थान बनाया है। यह गौरव केन्द्र हमारे लिए तीर्थ स्थल भी है। वीर शिरोमणी महाराणा प्रताप राष्ट्र के लिए प्रात: स्मरणीय है। राष्ट्र के लिए गौरव है।

उन्होंने कहा कि भारतीय मानव जीवन के आदर्श महाराणा प्रताप के जीवन से युवाओं को देश भक्ति और त्याग का पाठ सीखना चाहिए। देवनानी डूंगरपुर, बांसवाडा और उदयपुर यात्रा पर है।

उल्लेखनीय है कि देवनानी ने अपने शिक्षा मंत्री काल के दौरान प्रदेश के विद्यालय शिक्षा में अकबर महान के अध्याय को हटवाकर प्रताप महान का नया अध्याय शामिल कराया था।

वासुदेव देवनानी की इस प्रताप गौरव केन्द्र के निर्माण और इसकी परिकल्पना में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। देवनानी वीर शिरोमणी प्रताप समिति के प्रथम अध्यक्ष रहे है। वर्तमान में प्रताप गौरव केन्द्र समिति की कार्यकारिणी के सदस्य है। देवनानी की अध्यक्षता में बनी समिति की दूरगामी सोच की परिकल्पना के अनुरूप ही यहां प्रताप स्मारक स्थल का निर्माण किया गया और इसके संचालन के लिए प्रताप गौरव केन्द्र समिति का गठन किया गया।