यूं आसान तरीके से बनाएं व्रत वाले आइटम

0

मखाना खीर

मखाना खीर बनाने के लिए लगभग 2 कप दूध को भारी तले वाले बर्तन में उबालें। दूसरी ओर, 1 कप मखानों को 1 बड़ा चम्मच घी में हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। इनमें से आधे मखानों को मोटा-मोटा पीस लें। अब सभी मखानों को दूध में डालकर धीमी आंच पर 10–12 मिनट तक पकाएँ। दूध गाढ़ा होने लगे तो इसमें 4 बड़े चम्मच चीनी या स्वादानुसार मिश्री मिलाएं। साथ में आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 2 बड़े चम्मच कटे बादाम और 2 बड़े चम्मच काजू डालें। कुछ मिनट और पकाने के बाद गैस बंद कर दें।

2. साबूदाना वड़ा

साबूदाना वड़ा बनाने के लिए 1 कप साबूदाने को अच्छी तरह धोकर 4–5 घंटे पानी में भिगो दें। पानी निकालने के बाद इसमें 2 उबले और मैश किए हुए आलू मिलाएं। अब आधा कप दरदरी कुटी मूंगफली, 1 बारीक कटी हरी मिर्च, आधा छोटा चम्मच जीरा और स्वादानुसार सेंधा नमक डालें। सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिलाकर छोटे-छोटे गोले बनाएं और हथेली से हल्का चपटा कर लें। कड़ाही में तेल या घी गर्म करें और वड़ों को मध्यम आंच पर सुनहरा व कुरकुरा होने तक तलें। तैयार साबूदाना वड़ों को दही या व्रत वाली हरी चटनी के साथ परोसें।

3. कुट्टू के पकौड़े

कुट्टू के पकौड़े बनाने के लिए 1 कप कुट्टू का आटा लें और उसमें 2 उबले हुए आलू मैश करके मिलाएँ। इसमें 1 बारीक कटी हरी मिर्च, आधा छोटा चम्मच जीरा, थोड़ा हरा धनिया और स्वादानुसार सेंधा नमक डालें। आवश्यकतानुसार पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें। ध्यान रखें कि घोल बहुत पतला न हो। कड़ाही में तेल या घी गर्म करके मिश्रण के छोटे-छोटे पकौड़े डालें। इन्हें मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। तैयार पकौड़ों को अतिरिक्त तेल सोखने के लिए पेपर पर रखें। इन्हें दही या व्रत वाली धनिया-पुदीने की चटनी के साथ परोसें।

4. सिंघाड़े के आटे का हलवा

सिंघाड़े के आटे का हलवा बनाने के लिए 1 कप सिंघाड़े का आटा लें। कड़ाही में 4 बड़े चम्मच घी गर्म करके आटे को धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। जब आटे से अच्छी खुशबू आने लगे और उसका रंग हल्का सुनहरा हो जाए, तब इसमें 2 कप गर्म पानी या दूध धीरे-धीरे डालें। मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें। अब आधा कप चीनी या स्वादानुसार मिश्री मिलाएँ। हलवे को तब तक पकाएं, जब तक वह कड़ाही छोड़ने न लगे। इसमें आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 2 बड़े चम्मच कटे बादाम और 2 बड़े चम्मच काजू डालें। तैयार हलवे को गर्मागर्म परोसें और मेवों से सजाकर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाएं।

5. नारियल-मखाना लड्डू

नारियल-मखाना लड्डू बनाने के लिए 1 कप मखानों को 1 बड़ा चम्मच घी में हल्का कुरकुरा होने तक भून लें। ठंडा होने पर इन्हें मिक्सर में दरदरा पीस लें। अब कड़ाही में आधा कप सूखा नारियल हल्का भूनें और इसमें पिसे हुए मखाने मिला दें। स्वादानुसार आधा कप पिसी मिश्री या बूरा डालें। इसमें 2 बड़े चम्मच बारीक कटे बादाम, 2 बड़े चम्मच काजू और आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर मिलाएं। मिश्रण को अच्छी तरह मिलाने के बाद आवश्यकतानुसार 2–3 बड़े चम्मच घी डालें। मिश्रण हल्का गर्म रहे, तभी हथेलियों से छोटे-छोटे लड्डू बना लें। चाहें तो इन्हें नारियल के बुरादे में लपेटें। तैयार लड्डुओं को भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाकर प्रसाद के रूप में परोसें।

6. शकरकंद की खीर

शकरकंद की खीर बनाने के लिए 2 मध्यम आकार की शकरकंद उबालकर छील लें और अच्छी तरह मैश कर लें। एक भारी तले वाले बर्तन में 3 कप दूध उबालें और उसमें मैश की हुई शकरकंद डालें। धीमी आँच पर 8–10 मिनट तक पकाएं और बीच-बीच में चलाते रहें। अब स्वादानुसार 4 बड़े चम्मच चीनी या मिश्री डालें। इसमें आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर, 2 बड़े चम्मच कटे बादाम, 2 बड़े चम्मच काजू और 1 बड़ा चम्मच किशमिश मिलाएं। कुछ मिनट और पकाने के बाद गैस बंद कर दें। खीर को गर्म या ठंडा परोसें और मेवों से सजाकर भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाएं। शकरकंद की प्राकृतिक मिठास इस खीर को खास स्वाद देती है।

7. राजगीरा लड्डू

राजगीरा लड्डू बनाने के लिए 2 कप फूले हुए राजगीरे के दाने लें। एक कड़ाही में आधा कप गुड़ और 2 बड़े चम्मच पानी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें। गुड़ पिघलकर चाशनी जैसा हो जाए, तो उसमें 1 बड़ा चम्मच घी डालें। अब इसमें राजगीरे के दाने डालकर तुरंत अच्छी तरह मिलाएँ। स्वाद बढ़ाने के लिए 2 बड़े चम्मच कटे बादाम, 2 बड़े चम्मच काजू और आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर भी डाल सकते हैं। गैस बंद करके मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। जब मिश्रण हाथ से संभालने लायक गर्म रहे, तब हथेलियों पर थोड़ा घी लगाकर छोटे-छोटे गोल लड्डू बना लें।