राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का राजस्थान में प्रवेश

धौलपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ों न्याय यात्रा ने रविवार को राजस्थान में प्रवेश किया। यात्रा के राजस्थान पहुंचने पर धौलपुर के बोथरा मनियां गांव में उत्तरप्रदेश कांग्रेस ने राजस्थान कांग्रेस को यात्रा का झंडा सौंपा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने यात्रा का झंडा ग्रहण किया।

इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एवं जयराम रमेश, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पालयट, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पार्टी के विधायक एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

इस दौरान राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में अलग-अलग तरह के अन्याय हो रहे हैं, इसलिए इस यात्रा को न्याय से जोड़ा गया है क्योंकि आज देश में फायदा सिर्फ चालीस प्रतिशत लोगों का ही हो रहा है।

उन्होंने कहा कि मणिपुर से भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत हुई और विभिन्न राज्यों से होते हुए यह उत्तर प्रदेश के आगरा से राजस्थान पहुंची है और इसके बाद राजस्थान से मध्यप्रदेश एवं गुजरात-और फिर महाराष्ट्र पहुंचेगी।

जनसभा को प्रियंका गांधी, गहलोत, पायलट, डोटासरा, जूली ने भी संबोधित किया। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा दोनों दिल्ली के लिए रवाना हो गए। आगामी एक मार्च तक यात्रा में विश्राम रहेगा और दो मार्च को धौलपुर से फिर यात्रा शुरू होगी।