भाजपा छत्तीस कौम को साथ लेकर चलने वाली पार्टी : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने भाजपा को छत्तीस कौम को साथ लेकर चलने वाली पार्टी बताते हुए कहा है कि सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास इस ध्येय के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काम कर रहे हैं और जिसका परिणाम आज देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी भारत का बढ़ता यश और वैभव दिखाई दे रहा है।

जोशी रविवार को जयपुर के सांगानेर से भाजपा प्रत्याशी भजनलाल शर्मा के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया और वहां मौजूद पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं तथा आमजन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का कार्य हम सभी के लिए प्रेरणा वाला है। कार्यकर्ता के रूप में यह समय हमारे लिए महत्वपूर्ण है। हमारी हर बूथ की मतदाता सूची का परीक्षण हमें करना है। हर घर जाकर आना है, हर मत को भाजपा के पक्ष में डलाने का काम करना है।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि जनता कमर कसके बैठी है, जिस सरकार ने धोखा किया है, उसे सत्ता से उखाड़ फेंकना है। जो तुष्टीकरण से समाज को बांटे, किसान, युवा, महिलाओं के साथ छल, कपट करे, उनकी रक्षा नहीं कर पाए। युवाओं के हिस्से की नौकरियों को माफियाओं के हाथों बिकवाते हैं, ऐसी सरकार को सत्ता में रहना का कोई हक नहीं।

जोशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि आज पूरे देश में सबसे अधिक महंगाई राजस्थान में है। महंगाई बढ़ने का कारण इस सरकार का भ्रष्टाचार है। जनता के खून पसीने की मेहनत का पैसा जो प्रदेश के विकास में लगना चाहिए था, वह भ्रष्टाचारियों की जेब में चला गया। भाजपा की सरकार आएगी और इन भ्रष्टाचारियों को सजा दिलाएगी।

उन्होंने प्रदेश मीडिया सेंटर में विधि विभाग सदस्यों द्वारा लिखित विधि चुनाव निर्देशिका पुस्तक का विमोचन भी किया। इस दौरान चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नारायण पंचारिया, वरिष्ठ नेता ओंकार सिंह लखावत, प्रदेश महामंत्री जगवीर छाबा, पूर्व सांसद रामकुमार वर्मा, मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ सहित कई पार्टी नेता मौजूद थे।