केंद्र सरकार की योजनाओं के पैसों से प्रदेश में हो रहा है विकास : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पैसे की कमी आने पर जादू दिखाकर पैसा कमा लेने पर पलटवार करते हुए उन्हें छलिया जादूगर बताया और कहा कि विकास की गंगा केंद्र सरकार बहा रही है और वह सिर्फ वाहवाही लूटने में लगे हैं।

जोशी ने अपने बयान में आज आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं में कुछ पैसा जोड़ कर, उनका नाम परिवर्तित करके स्वयं को शाबाशी देना बंद करना चाहिए। प्रदेश की जनता आपके छल को समझ चुकी है। विकास की गंगा केंद्र सरकार बहा रही है, आप सिर्फ वाहवाही लूटने में लगे हो। आपने प्रदेश को सिर्फ अपराध, भ्रष्टाचार, दलित उत्पीड़न, बेरोजगारी, किसानों के साथ धोखा जैसे दंश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि ‌गहलोत का पूरा ध्यान अपनी सत्ता की कुर्सी पर लगा हुआ है। प्रदेश में हो रहे अपराध, अराजकता का माहौल, युवाओं और किसानों के साथ धोखा जैसे मुद्दों से उनका कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश में सबसे अधिक बेरोजगारी है। प्रतियोगिता परीक्षा के पेपर बेचकर युवाओं के रोजगार के सपने तोड़े जा रहे हैं। जनता के पैसे को लूटा जा रहा है। सरकारी कार्यालयों में करोड़ों रुपए और सोने के बिस्किट मिल रहे है। यह मुख्यमंत्री की जादूगरी नहीं तो, क्या है।

उन्होंने कहा कि डूंगरपुर के सरकारी विद्यालय में हैड मास्टर के द्वारा छात्राओं का दुष्कर्म जैसी घृणित घटनाएं प्रदेश में हो रही है, तो इसको क्यों नहीं रोका जा रहा है। प्रदेश में चारों तरफ अराजकता का माहौल है।

उन्होंने कहा कि अशोक गहलोत सिर्फ छलिया जादूगर हैं, जो प्रदेश की जनता को छल रहे हैं लेकिन जनता समझदार है, वह उनके धोखे को बखूबी समझती है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कितना ही प्रयास कर लिया जाए इस वर्ष कांग्रेस सरकार का जाना तय है।