सीएम अशोक गहलोत की अनुशंसा पर मंत्री राजेन्द्र सिंह गुढ़ा बर्खास्त

जयपुर। राजस्थान में सैनिक कल्याण राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार शाम को गुढ़ा को बर्खास्त करने की राज्यपाल कलराज मिश्र से सिफारिश की थी जिसे राज्यपाल ने तुरंत स्वीकार कर लिया।

उल्लेखनीय है कि राजेन्द्र गुढ़ा ने शुक्रवार को विधानसभा में न्यूनतम आय गारंटी विधेयक पर चर्चा के दौरान अपनी ही सरकार को महिलाओं की सुरक्षा करने में असफल बताया था।

राजेन्द्र गुढ़ा पिछले कई दिनों से अपनी बयानबाजी के कारण चर्चा में बने हुए थे। गुढ़ा को अपनी ही सरकार के खिलाफ बयानबाजी के कारण मंत्री पद गंवाना पड़ा है। राजभवन के अनुसार इसके बाद मिश्र ने गहलोत की अनुशंसा को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

ऐसा क्या कह दिया था गुढा ने

बतादें कि राजेंद्र गुढ़ा ने शुक्रवार को विधानसभा में अपनी सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने हिंसाग्रस्त राज्य मणिपुर में महिलाओं के साथ हुए अत्याचार के मामलों की तुलना राजस्थान से करते हुए कहा कि राजस्थान में भी महिलाओं के साथ बहुत अत्याचार हो रहा है। सरकार को मणिपुर के बजाय राजस्थान में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों पर ध्यान देना चाहिए। दूसरे राज्य के बजाय खुद के गिरेबान में झांकना चाहिए। इसी तरह उन्होंने न्यूनतम आय गारंटी बिल पर अपनी बात रखते हुए विधानसभा में अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए थे।