राजस्थान के प्रवासी कार्यकर्ताओं ने छोड़ी देशभर में अमिट छाप : भजनलाल

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान देशभर में राजस्थान के कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा, जोश और जुनून के साथ कार्य करते हुए अपनी छाप छोड़ी है।

शर्मा ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित लोकसभा चुनाव प्रवासी कार्यकर्ताओं की बैठक में सम्बोधित करते हुए कहा कि राजस्थान से देशभर में प्रचार के लिए जाने वाले कार्यकर्ताओं का योगदान प्रशंसनीय है फिर चाहे पंजाब, हरिणाणा, दिल्ली, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, हैदराबाद ही क्यों न हो। राजस्थान के कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रचार तो किया ही, साथ में स्थानीय प्रवासियों से भाईचारे का संबंध भी बनाया है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के प्रवासी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रवाद की भावना के साथ काम किया है, यही हमारी पूंजी है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को सीख देते हुए भजनलाल शर्मा ने कहा कि घर से निकलने पर पार्टी का काम तो होता है साथ में व्यक्ति का नाम भी होता है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने बैठक में संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के सभी चुनाव प्रवासी कार्यकर्ताओं, नेताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का कार्य सराहनीय एवं प्रशंसनीय है। पहले राज्य में चुनाव प्रचार का जिम्मा संभालते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में अच्छा मतदान करवाया और फिर देशभर में विभिन्न दूर दराज के गांव, ढाणी में जाकर चुनाव की कमान संभाली। ऐसे में लोकसभा चुनाव प्रवासी कार्यकर्ताओं को भाषा, खानपान और निवास तक की परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन इन सबके बावजूद सभी कार्यकर्ताओं ने अथक परिश्रम के साथ प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार-प्रसार किया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों में देशभर में ऐतिहासिक कार्य किया। इसकी बदौलत जिस भी प्रांत, जिला या मंडल स्तर पर भाजपा के प्रवासी कार्यकर्ता पहुंचे वहां से एक ही आवाज आई अबकी बार 400 पार। यह भाजपा के कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि पार्टी इस बार चार जून को अपने ध्येय वाक्य को पूरा करेगी। नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए सभी ने सामूहिक प्रयास किए है। लोकसभा प्रवासी कार्यकर्ताओं का चुनाव प्रचार का अनुभव, स्मृतियां और नवाचार सभी के लिए कारगर साबित होगी।

भाजपा लोकसभा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह शेखावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब, दलित, वंचित और महिलाओं की जनकल्याणकारी नीतियों के बदौलत देशभर में भाजपा के प्रति और भाजपा के कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मविश्वास एंव आत्मसम्मान बढ़ा है। देशभर में भाजपा के अनुकूल स्थिति में प्रवासी कार्यकर्ताओं ने प्रचार-प्रसार किया है।

पंजाब लोकसभा चुनावों के अनुभव साझा करते हुए शेखावत ने कहा कि भाजपा ने पंजाब में हिन्दू-सिख सामंजस्य बना रहे इस का ध्यान रखते हुए बूथ स्तर पर काम किया। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के घर-घर जाकर भाजपा के पदाधिकारियों ने उनका मनोबल बढ़ाया है। भाजपा के प्रवासी कार्यकर्ताओं ने पंजाब में सभी लोकसभा क्षेत्रों में बहुत जिम्मेदारी के साथ कार्य किया है। पंजाब में आम पार्टी के विकल्प के तौर पर मतदाताओं ने भाजपा को देखने शुरू कर दिया। इस बार पंजाब में लोकसभा चुनाव परिणाम चौंकाने वाले आएंगे।

राजस्थान में भाजपा को कोई नुकसान नहीं : सीपी जोशी

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा हैं कि देश की जनता का साथ एवं समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के साथ है और राजस्थान में भाजपा को कोई नुकसान नहीं होगा।

जोशी ने लोकसभा चुनाव पर एग्जिट पोल के बाद शनिवार को यहां मीडिया से यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश में स्पष्ट रूप से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता का साथ, स्नेह और समर्थन मोदी और भाजपा के साथ है।

जोशी ने कहा कि कांग्रेस और इनके गठबंधन ने देश की जनता को गुमराह किया है जो इनका स्वभाव रहा है। जनता इनका असली चेहरा जान चुकी है। उन्होंने कहा कि मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनने से रोकने के लिए यह मजबूरी का गठबंधन है।