निवर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सरदारपुरा से चुनाव जीता, पार्टी हारी

जोधपुर। राजस्थान के निवर्तमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा चुनाव 2023 में जोधपुर के सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीत गए। गहलोत तो चुनाव जीत गए लेकिन उनकी पार्टी यह चुनाव हार गई। गहलोत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी डा महेन्द्र राठौड़ को 26 हजार 396 मतों से हराया। गहलोत को 96 हजार 859 मत मिले जबकि राठौड़ ने 70 हजार 463 मत हासिल किए।

गहलोत ने विधानसभा का यह छठा चुनाव जीता हैं और वह प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रहे। इस चुनाव में गहलोत एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री शांति धारीवाल सहित कई नेताओं ने चुनाव जीता हैं लेकिन गहलोत सरकार में मंत्री रहे प्रताप सिंह खाचरियावास, बीडी कल्ला सहित कई मंत्री चुनाव हार गए।

कोटा उत्तर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी शांति कुमार धारीवाल विजयी

कोटा। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में सांगोद विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी एवं मंत्री शांति कुमार धारीवाल फिर विजयी रहे। धारीवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल को 2486 मतों से चुनाव हराया। धारीवाल ने 94 हजार 899 मत हासिल किए जबकि गुंजल को 92 हजार 413 मत मिले। धारीवाल ने यहां चुनाव जीतकर अपनी प्रतिष्ठा एवं पार्टी की साख को कायम रखा।

रामगंजमंडी से विधायक मदन दिलावर ने चुनाव जीता

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में रामगंजमंडी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी एवं विधायक मदन दिलावर ने फिर जीत दर्ज की। दिलावर ने अपने निकटत्तम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी महेन्द्र राजोरिया को 18 हजार 422 मतों से हराया। दिलावर को एक लाख तीन हजार 504 मत मिले जबकि राजोरिया को 85हजार 82 मत मिले। भाजपा ने यह सीट बरकरार रखी।

टोंक से पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट चुनाव जीते

जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में टोंक विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट चुनाव जीत लिया है। पायलट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार अजीत सिंह मेहता को 29 हजार 475 मतों से चुनाव हराया। पायलट को एक लाख पांच हजार 812 मत मिले जबकि मेहता को 76 हजार 337 वोट मिले। कांग्रेस ने यह सीट कायम रखी है।

लक्ष्मणगढ़ सीट से कांग्रेस के गोविंद सिंह डोटासरा विजयी

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में लक्ष्मणगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी एवं प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा विजयी रहे। डोटासरा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के सुभाष महरिया को 18 हजार 970 मतों से हराया। डोटासरा को एक लाख 13 हजार 304 मत मिले जबकि महरिया को 94 हजार 334 मत मिले। यह सीट कांग्रेस से बरकरार रखी है।

नागौर से कांग्रेस के हरेन्द्र मिर्धा विजयी

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में नागौर सीट से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री हरेन्द्र मिर्धा चुनाव जीत गए है। मिर्धा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी ज्योति मिर्धा को 14 हजार 620 मतों से हराया। मिर्धा को 87 हजार 110 मत मिले जबकि ज्योति मिर्धा को 72 हजार 490 मत मिले। यह सीट कांग्रेस ने भाजपा से छीनी है।