राजकुमार राव और पत्रलेखा ने नवजात बेटी का नाम किया सार्वजनिक

1

नई दिल्ली। अभिनेता राजकुमार राव और पत्रलेखा ने हाल ही में माता-पिता बनने के बाद अपनी नवजात बेटी का नाम प्रशंसकों के साथ साझा किया है। रविवार को दंपती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट के जरिए यह खुशखबरी दी।

अपनी बेटी का नाम पार्वती पॉल राव बताते हुए इस पोस्ट में एक प्यारी तस्वीर साझा की गई है, जिसमें बेटी की नन्ही उंगलियां माता-पिता के हाथों को थामे हुए नजर आ रही हैं। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा कि जुड़े हुए हाथों और भरे हुए दिल के साथ, हम अपने जीवन के सबसे बड़े आशीर्वाद से आपको परिचित करा रहे हैं।

राजकुमार राव और पत्रलेखा की बेटी का जन्म पिछले साल नवंबर में हुआ था। दंपती ने 15 नवंबर को बेटी के जन्म की घोषणा की थी, जो उनके विवाह की चौथी सालगिरह का दिन भी था। उस समय उन्होंने लिखा था कि हम बेहद खुश हैं। भगवान ने हमें बेटी का आशीर्वाद दिया है। धन्य माता-पिता-पत्रलेखा और राजकुमार और बेटी को ईश्वर का सबसे बड़ा आशीर्वाद बताया था।

गौरतलब है कि राजकुमार राव और पत्रलेखा ने 15 नवंबर 2021 को चंडीगढ़ में एक निजी समारोह में विवाह किया था। दोनों ने पहली बार पेशेवर तौर पर वर्ष 2014 की फिल्म ‘सिटीलाइट्स’ में साथ काम किया था, जो पत्रलेखा की बॉलीवुड में पहली फिल्म भी थी।

कामकाज के मोर्चे पर, राजकुमार राव जल्द ही फिल्म निकम में नजर आएंगे, जो मशहूर लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम के जीवन पर आधारित है। उन्होंने इस फिल्म की शूटिंग नवंबर 2025 में पूरी की थी।

इसके अलावा, राजकुमार राव और पत्रलेखा ने हाल ही में अपने प्रोडक्शन हाउस कांपा फिल्म्स की शुरुआत भी की है। इस नाम में दोनों की माताओं के नामों के शुरुआती अक्षरों को शामिल किया गया है। इस पहल पर पत्रलेखा ने कहा कि हम हमेशा से कहानी कहने की ताकत में विश्वास करते आए हैं। ‘कांपा’ के जरिए हम अपनी कहानियों को दुनिया तक पहुंचाना चाहते हैं।