राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के ब्राम्हणपारा में एक मृत गाय को रस्सी से बांधकर घसीटने का वीडियो वायरल हुआ है। इस घटना को राजनांदगांव नगर निगम कर्मियों ने शनिवार को अंजाम दिया जिससे पशु प्रेमियों में आक्रोश है और उनका कहना है कि यह गौ माता का अपमान है।
ब्रह्माणपारा के लोगों के अनुसार मृत गाय के शव से दुर्गन्ध आ रही थी जिसकी सूचना नगर निगम को दी गई थी और नगर निगम के कर्मी गाय को रस्सी बांधकर घसीटते हुए वहां से ले गए। यह घटना शीतला मंदिर वॉर्ड क्रमांक 39 में शनिवार सुबह हुई।
वॉर्ड 39 में कांग्रेस से पार्षद पद के उम्मीदवार रहे कुलबीर छाबड़ा ने कहा कि गायों का जो सम्मान कांग्रेस ने अपने पांच सालों के कार्यकाल में किया उसकी उम्मीद भाजपा के नेताओं से नहीं की जा सकती है।
गाय के शव को घसीटे जाने की घटना पर अतुल विश्वकर्मा, आयुक्त नगर निगम राजनांदगांव ने कहा कि अभी सूचना प्राप्त हुई है और देखना होगा कि किन परिस्थितियों में ऐसा किया गया है।