त्रिपुरा में चुनावी सरगर्मी के बीच भाजपा-माकपा में झड़प, 7 घायल

अगरतला। त्रिपुरा में चुनावी सरगर्मियों के बीच सिपाहीजाला जिले के सोनमुरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मेलाघर में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई जिसमें कम से कम सात लोग घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि माकपा प्रत्याशी श्यामल चक्रवर्ती घर-घर जाकर प्रचार कर रहे थे इसी बीच भाजपा समर्थित बदमाशों ने उनके खिलाफ अपशब्द कहे, जिसके बाद हाथापाई शुरू हो गई। इस घटना में माकपा के कम से कम पांच कार्यकर्ता और भाजपा के दो कार्यकर्ता घायल हो गए।

वहीं, भाजपा उपाध्यक्ष डॉ. अशोक सिन्हा ने दावा किया कि जब माकपा उम्मीदवार घर-घर जाकर चुनाव प्रचार कर रहे थे, तब लोगों ने उनसे पूछा कि वे पांच वर्षों तक कहां थे। कोरोना महामारी के दौरान, जब लोग गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे थे, चक्रवर्ती ने विधायक होने के नाते कुछ नहीं किया।

डॉ. सिन्हा ने कहा कि चक्रवर्ती के कार्यकर्ताओं ने अचानक परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया, जिसके कारण हाथापाई हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा और कांग्रेस सहानुभूति प्राप्त करने के लिए पूरे राज्य में तनाव उत्पन्न करने की साजिश कर रही है।