राज्य की कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल : भजनलाल शर्मा

Sirohi bjp

अजमेर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा ने आरोप लगाया है कि राज्य की कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल रही है। प्रदेश की जनता इसे उखाड़ फेंकने का इंतजार कर रही है।

शर्मा आज अजमेर शहर भाजपा की ओर से आयोजित स्वागत एवं पद ग्रहण कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस राज के संरक्षण में भ्रष्टाचार, जंगलराज के साथ साथ लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति बहुत खराब है। जनता इसे देख और समझ रही है और आने वाले 2023 के विधानसभा चुनाव में सबक सिखाएगी।

शहर भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष रमेश सोनी के पदभार ग्रहण करने के बाद शर्मा ने कहा कि अजमेर जिला संगठनात्मक दृष्टि से बहुत ही मजबूत और संगठित है। नए युवा अध्यक्ष की उर्जावान टीम इसे और मजबूती प्रदान करेगी। अजमेर में कमल खिलेगा और अजमेर भगवामय एकबार फिर होगा।

शर्मा ने यहां अध्यक्ष के पदभार ग्रहण करने के अलावा विधायक वासुदेव देवनानी के एनसीपीएसएल की राष्ट्रीय समिति सदस्य बनने तथा विधायक अनिता भदेल के श्रेष्ठ विधायक के रूप में चयन पर अभिनंदन समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने अप्रैल में कांग्रेस के कुशासन के खिलाफ भाजपा के होने वाले महा घेराव कार्यक्रम पर भी चर्चा की तथा बूथ सशक्तिकरण महाअभियान पर भी कार्यकर्ताओं से जानकारी ली।

नवनियुक्त शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि विश्व की इस सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के कुशल नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी मुझे दी है उसे मैं सबको साथ लेकर अजमेर में और ज्यादा मजबूती से काम करूंगा।