स्वस्थ भारत की करें रचना : वासुदेव देवनानी

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि सबको मिलजुल कर स्वस्थ भारत की रचना करना चाहिए।

देवनानी रविवार को यहां राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में आयोजित यज्ञ, योग एवं युक्ताहार नव वर्ष सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शरीर, मन, मस्तिष्क स्वस्थ रहेंगे तब ही राष्ट्र की उन्नति होगी। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह राष्ट्र को स्वस्थ बनाने के लिए आवश्यक योग, यज्ञ और संतुलित आहार को आचरण में लाएं।

देवनानी ने कहा कि भारत विश्व गुरु है और उसकी परंपराएं समृद्ध हैं। वैज्ञानिक दृष्टि से सही है। उन्होंने देश को सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से समृद्ध बताते हुए कहा कि सभी लोगों को निरोगी राष्ट्र बनाने के लिए योग, यज्ञ और संतुलित आहार को अपनाना होगा।

उन्होंने योग को स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि योग को जीवन का अंग बनाया जाना चाहिए। इस मशीनी युग में बदलती जीवन शैली के लिए योग की आवश्यकता बढ़ गई है।
कार्यक्रम में परिषद के कार्यकर्ताओं ने योग प्रदर्शन किया।