राजस्थान में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने पार्टी के सभी सातों मोर्चों को प्रदेश में पूरी मुखरता से भाजपा की ताकत बताते हुए दावा किया है कि इस बार राज्य में सत्ता बदलेगी और दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी और राजस्थान के नवनिर्माण में सबकी भागीदारी होगी।

डा पूनियां पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चा के राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस शान एवं शिद्धत से यह झण्डा थामा है, तो झण्डे की शान भी तभी होती है, जब मजबूत डण्डा होता है, इसी तरह अल्पसंख्यक मोर्चा भी पार्टी के झण्डे की शान को मजबूती से थामकर रखा है, हमारे सभी सातों मोर्चे, युवा मोर्चा हो, महिला मोर्चा हो, किसान मोर्चा, एससी-एसटी मोर्चा, अन्य पिछडा वर्ग ये तमाम मोर्चे आज पार्टी के पूरे राजस्थान में ताकत बने हैं।

उन्होंने कहा कि जब-जब अवसर आता है, जनहित की बात आती है वो चाहे बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्कूल, स्वास्थ्य चाहे जो भी हों, इन सब मुद्दों और मसलों पर भाजपा ने मुखरता से आवाज उठाई है, पेपरलीक से लेकर तमाम जितने मुद्दे है, इन सब मुद्दों को लेकर हमने काम किया है।

उन्होंने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सादिक खान और उनकी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इनके प्रयास से कांग्रेस सरकार को यह जरूर लगा है कि इतनी बडी संख्या में जब कार्यकर्ता उद्धेलित होते हैं तो आम व्यक्ति आएगा, जनजन जुड़ेगा तो यह धारणा भी टूटेगी और जिस तरीके से वोटों की ठगी करने का काम कांग्रेस सरकार ने किया, लेकिन मैं आपको पूरा भरोसा देता हूं कि हम राजस्थान के नवनिर्माण की संकल्पना के साथ चलते हैं उसमें सब बिरादरी की भागीदारी होगी।

डा पूनियां ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि पूरे देश में संदेश है कि भारत आज जिस तरीके से तरक्की के रास्ते पर बढ़ रहा है, लगता है कि राजस्थान में आज भाजपा विपक्ष में है और इस विपक्ष की आवाज को बुलंद रखना है और इस वर्ष राजस्थान में सत्ता बदलनी है और दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनानी है। इससे पहले अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर एकत्रित हुए और मुख्यमंत्री आवास की तरफ मार्च करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।