भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन को हार्ट अटैक, एंजियोप्लास्टी हुई, अभी आईसीयू में

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन को मंगलवार को यहां दिल दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें यहां लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

शाहनवाज हुसैन मुंबई भाजपा अध्यक्ष और बांद्रा के विधायक आशीष शेलार के घर पर थे। वहीं उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। शाहनवाज हुसैन को आज शाम करीब 4 बजे हार्ट अटैक आया। उसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लीलावती अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने बताया कि शाहनवाज हुसैन की एंजियोप्लास्टी की गई है। फिलहाल वे आईसीयू में हैं, जल्द ही उन्हें प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। हुसैन को इससे पहले अगस्त में स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने के बाद दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। तब डॉक्टर्स ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने साल 1997 में एक कार्यक्रम में शाहनवाज हुसैन को बोलते सुना था। तब उन्होंने कहा था कि यह लड़का बहुत अच्छा बोलता है। इसे संसद में भेजा जाए तो बड़े-बड़ों की छुट्टी कर देगा।

शाहनवाज हुसैन पहली बार फरवरी 2005 में कटिहार से विधायक चुने गए। इसके बाद साल 2010 में भी विधायक बने। वह साल 1999 में राज्य मंत्री बने थे। वहीं, 2001 में सबसे कम उम्र के केंद्रीय मंत्री बने। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी निभाई है। हुसैन ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। उनके पास पांच-पांच मंत्रालय संभालने का अनुभव है।