पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के साथ मतदान जागरूकता कराए जाने के निर्देश

अजमेर। राजस्थान की मुख्य सचिव ऊषा शर्मा ने अजमेर संभाग के आला अधिकारियों को विधानसभा चुनाव -2023 के दौरान निष्पक्ष, शांतिपूर्ण तथा पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के साथ अधिक से अधिक मतदान जागरूकता कराये जाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव आज यहां पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा के साथ चुनाव पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक ले रहीं थी। उन्होंने कहा कि सम्भाग में विधानसभा चुनावों के दौरान आचार संहिता की पालना सुनिश्चित की जाए। शान्तिपूर्वक एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्यवाही की जाए। पुलिस और प्रशासन एक टीम के तरह आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

राजस्थान की पहचान आपसी प्रेम एवं सौहार्द की रही है। इसे कायम रखना सभी की सामुहिक जिम्मेदारी है। अपनी क्षमता से अधिक कार्य करने से सहज ही सकारात्मक परिणाम आते है। प्रत्येक शिकायत तथा सूचना को गम्भीरता से लेने की आवश्यकता है। कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार स्थानीय स्तर से सम्पर्क में रहे।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक उमेश मिश्रा ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों की पालना की समीक्षा के दौरान सम्भाग में बेहतरीन कार्य किया गया है। पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे है। पुलिस द्वारा प्रत्येक घटना पर त्वरित कार्यवाही की गई है।