देश में लागू होगी समान नागरिक संहिता : राजनाथ सिंह

जोधपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी।सिंह प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी के कार्यकाल के नौ वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे महासंपर्क अभियान के तहत बुधवार को जोधपुर जिले के बालेसर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि विरोधी दल इसे समाज को बांटने की बात कहकर निंदा करेंगे लेकिन भाजपा बांटने की नहीं, सबको साथ लेकर चलने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार वही करने जा रही है जो संविधान के नीति निर्देशक तत्वों में लिखा है।

समान नागरिक संहिता लागू करने के केन्द्र सरकार के प्रयासों पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा अपने वादे को पूरा कर रही है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माणाधीन है। देश में समान नागरिक संहिता की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर विरोधी लोग हिंदू-मुस्लिम का प्रश्न खड़ा करते हैं। हर चीज को साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।

इस दौरान उन्होंने सवाल किया कि क्या राजनीति समाज को बांटकर करनी चाहिए। क्या हम देश को साथ लेकर चलने की राजनीति नहीं कर सकते। क्या देश में एक देश, एक विधान नहीं होना चाहिए। सिंह ने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर हम जो करने जा रहे हैं, वह संविधान के नीति- निर्माताओं ने नीति निर्देशक तत्वों में लिखी है, उसी को लागू करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार उस संविधान के वचन को पूरा करने जा रहे हैं।

सिंह ने कहा कि महिलाओं का सम्मान हमारी प्रतिबद्धता है। चाहे वह किसी धर्म जाति की हों। मेरी मां-बहन बेटियों को तीन तलाक का दर्द नहीं झेलने देंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि नौ साल पहले जब मोदी प्रधानमंत्री बने थे, तब उन्होंने कहा था, सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं बिकने दूंगा। मैं देश नहीं झुकने दूंगा। आज उन्होंने अपनी यह बात साबित कर दी है।

देश-दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा और ताकत बढ़ रही है। भारत अब गरीब देश नहीं रहा। अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों को गंभीरता से सुना जा रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था कई देशों को पछाड़कर आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। इसके लिए युगांतकारी भूमिका पीएम मोदी ने निभाई।

सिंह ने कहा कि मनमोहन सिंह की सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप थे लेकिन इस सरकार में मंत्रिमंडल के किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप तो दूर अंगुली तक नहीं उठी। भ्रष्टाचार के मूल को समाप्त करना हमारा ध्येय है।

उन्होंने कहा कि भारत आयातक देश के बजाय निर्यातक देश बनता जा रहा है। पहले मोबाइल आयात करते थे। अब विश्व का दूसरा बड़ा मोबाइल निर्माता देश है। रक्षा के मामले में पहले हर चीज बाहर से आती थी। वर्ष 2014 से पहले 900 करोड़ की रक्षा सामग्री बनती थी। आठ वर्षों के अंदर रक्षा क्षेत्र के मामलों में 16 हजार करोड़ का निर्यात किया गया है। हमारी कोशिश है कि आजादी के सौ साल पूरे होने पर भारत पूरी दुनिया को रक्षा उपकरण निर्यात करे।

सिंह ने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और महिला सम्मान जैसे मुद्दों पर राजस्थान की गहलोत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनावी साल आते ही यहां की सरकार लोगों को प्रलोभन देने लगी है। जनता को सुशासन चाहिए या प्रलोभन, क्या ऐसी सरकार चाहिए, जिसकी आपकी नीयत और ईमान खरीदेगी। लेकिन आपको ध्यान रखना होगा कि यह सरकार कितने ही लालच दे, आपको अपना जमीर नहीं बेचना है। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ रहा है।

रक्षा मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह नया भारत है, जो किसी भी दुश्मन के सामने आंख से आंख मिलाकर खड़ा होता है। वीर सपूतों की इस पावन धरा पर सिंह ने पूर्व सैनिकों और वीर माताओं का जिक्र करते हुए कहा कि देश में अधिक सैनिक बालेसर, शेरगढ़ की इसी पावन धरा से निकले हैं। यहां के सैनिकों ने भारत की रक्षार्थ अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए। ऐसे वीर सपूतों और वीरांगनाओं के हम ऋणी हैं। हम उनको नमन करते हैं।

इस अवसर पर केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनियां, सांसद पीपी चौधरी, राजेंद्र गहलोत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण सिंह देवल, कार्यक्रम प्रभारी अजमेर विधायक वासुदेव देवनानी सहित कई नेता मौजूद थे।