संभागीय आयुक्त सीआर मीना का माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में विदाई समारोह

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में गुरूवार को संभागीय आयुक्त व प्रशासक सीआर मीना का विदाई समारोह आयोजित कर सम्मानित किया गया। बोर्ड प्रशासन एवं कर्मचारी संघ की ओर से उनका अभिनंदन किया गया।

इस मौके पर मीना ने कहा कि सेवानिवृत्ति एक राजकीय व्यवस्था है। 35 साल की अवधि में उन्होंने नगरपालिका, पंचायत समिति, मण्डी, बोर्ड, निगम इत्यादि महकमों में सेवा दी है। राज्य में लगभग सभी सरकारों में जनहित से जुड़े कार्य किए गए। प्रत्येक व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता एवं सदव्यवहार के साथ कार्य किया गया। इससे लोगों से स्नेह मिला है। प्रशासन के अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार से भी काफी स्नेह मिला।

उन्होंने कहा कि बोर्ड में लम्बे समय से डीपीसी की प्रक्रिया अटकी हुई थी उसके समाधान के लिए बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों का पूरा सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी सहायता की आवश्यकता होने पर सदैव तत्पर रहूँगा।

बोर्ड सचिव मेघना चौधरी ने कहा कि प्रशासक मीना ने कम से कम समय में बोर्ड में अपनी अमिट छाप छोड़ी है। अन्य विभागों में भी हमेशा भलाई का कार्य किया है। पद पर रहते हुए मीना ने आम जनता के दुख-दर्द को समझकर समाधान किया है। मीना आरएएस अधिकारी एसोसियन के अध्यक्ष भी रहे हैं। वहां पर सभी आरएएस अधिकारियों का पूर्ण सहयोग किया है। प्रत्येक व्यक्ति की आत्मा को छुआ है।

मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों द्वारा प्रशासक मीना का माला पहनाकर व स्मृति चिह्व देकर स्वागत किया गया साथ ही मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत व महासचिव नरेन्द्र सिंह राठौड़ ने भी साफा पहनाकर स्वागत किया। बोर्ड कर्मचारियों व अधिकारियों की पदोन्नति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर बोर्ड के कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।