महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी का निधन

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी का शुक्रवार को यहां दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 86 वर्ष के थे।

पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि जोशी की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। उन्हें गुरुवार रात दिल का दौरा पड़ा और इलाज के लिए हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जोशी शिवसेना के वरिष्ठ नेता थे और पार्टी के संस्थापक बाल ठाकरे के करीबी सहयोगियों में से एक थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में विधायक, मुंबई के मेयर, विपक्ष के नेता और शिवसेना के पहले मुख्यमंत्री के रूप में कई पद संभाले। जोशी पिछले कई महीनों से खराब स्वास्थ्य के कारण महाराष्ट्र की राजनीति में सक्रिय नहीं थे।

दो दिसंबर, 1937 को रायगढ़ जिले के नंदवी गांव में एक मध्यम वर्गीय परिवार में जन्मे जोशी शिक्षा के लिए मुंबई चले गए एवं उन्हें अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम में नौकरी मिल गई।

जोशी ने 1995 में राज्य में गठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद उन्होंने सांसद, केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष जैसे विभिन्न पदों पर काम किया।