गहलोत सरकार ने अपने घोषणा पत्र के 94 फीसदी वादे पूरे किए : अखिलेश प्रताप सिंह

अजमेर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा है कि राजस्थान की गहलोत सरकार ने एक विजन के साथ कार्य कर अपने घोषणा के 94 फीसदी वादे पूरे कर प्रदेश की जनता को बड़ी राहत देने का काम किया है।

सिंह आज यहां राजस्थान सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के लिए आयोजित पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में गहलोत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं देश के लिए नजीर बन चुकी हैं। सरकार ने जनहित के हर क्षेत्र में अदभुत काम किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री गहलोत की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि गहलोत का विजन जनता के प्रति है। नतीजा आपके, हमारे सामने है। प्रदेश की जनता, हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि 2030 का विजन डोक्युमेंट जब सामने आएगा तो प्रदेश का नक्शा ही पलट जाएगा और उसकी बातों अथवा घोषणाओं को भी कांग्रेस सरकार पूरा करेगी।

उन्होंने भाजपा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य ने 25 के 25 सांसद उन्हें दिए लेकिन ईआरसीपी के मामले में उनके सहित केन्द्र खामोश है। सांसद जिक्र तक नहीं करते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वादा किया था, उनकी बातों में वजन होना चाहिए। लेकिन वे टेलीविजन वाले हैं और गहलोत विजन वाले हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने वचनों के लिए जानी जाती है।

सिंह ने कहा कि भाजपा के नेता डबल इंजन की बात करते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि राजस्थान में डबल इंजन के बिना ही विकास की गंगा बह रही है और यहां कोई समस्या भी पैदा नहीं हो रही है। यह गहलोत का जनता के लिए चमत्कार है।

उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दो-तिहाई बहुमत के साथ फिर से सरकार बनायेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री गहलोत के नेतृत्व में ही चुनाव होगा। एक अन्य सवाल के जवाब में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा पर कटाक्ष करते कहा कि भाजपा अपने नेतृत्व परिवर्तन के लिए संकल्प यात्रा निकाल रही है क्योंकि भाजपा के पास कहने के लिए कुछ नहीं है।