जयपुर में भाजयुमो ने मुख्यमंत्री निवास के घेराव का किया प्रयास

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था एवं महिला अत्याचार को लेकर अचानक मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने इन्हें खदेड़ दिया।

नवनियुक्त भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची ने शनिवार को अपना पदभार संभालते ही अपने कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री निवास का घेराव के लिए निकल पड़े। लेकिन पुलिस ने इन्हें सिविल लाइंस फाटक पर रोक लिया और बिना अनुमति के प्रदर्शन के लिए निकले इन भाजयुमों कार्यकर्ताओं को पुलिस ने खदेड़ दिया, इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के चोंटे भी आई।

पुलिस ने चेची सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। मोर्चा सूत्रों ने बताया कि इस दौरान चेची एवं सुमित अग्रवाल, राजकुमार, भीमराज मीना, सुरेन्द्र सिंह सहित कई कार्यकर्ता घायल हो गए।

इस दौरान मीडिया ने जब चेची से बिना अनुमति के ही प्रदर्शन करने के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था एवं महिला पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ वे आवाज उठा रहे थे। उल्लेखनीय है कि चेची ने शनिवार को ही पूर्वाह्न करीब 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के मौजूदगी में अपना पदभार संभाला था।