विश्व में बज रहा सनातन का डंका : कैलाश विजयवर्गीय

ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने सनातन धर्म पर हो रहे हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आज कहा कि सनातन धर्म काे कोई हिला नहीं पाया है और आज इसका डंका पूरे विश्व में बज रहा है।

विजयवर्गीय अपने ग्वालियर प्रवास के दौरान यहां पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा की एक दुर्भाग्य की बात है की देश में बना घमंडिया गठबंधन ‘इंडिया एलाइन्स’ के मुंबई के बाद सनातन पर हमला बोला गया। लेकिन कांग्रेस के ही अध्यक्ष के बेटे ने उदयनिधि की बात का समर्थन किया। उन्होंने कहा की भारत में मुगलों ने राज किया, लेकिन वह भी सनातन को हिला नहीं सके। वहीं सनातन का डंका इस समय विश्व में बज रहा है।

भाजपा महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को विश्व में पहुंचाया। वहीं चांद पर पहुंच कर भारत ने कीर्तिमान बढ़ाया है। कोविड में वैक्सीन बनाकर विश्व को चौका दिया। वही आत्मनिर्भर भारत के तहत रक्षा क्षेत्र में जो आयात 90 प्रतिशत होता था, वह 40 प्रतिशत रह गया है। वहीं अब निर्यात 20 गुना बढ़ गया है। उन्होंने कहा की देश में श्री मोदी और प्रदेश में चौहान विकास की गंगा बहा रहें हैं।