नेहा हिरेमथ की तस्वीरें लीक करने में कर्नाटक सरकार का हाथ, प्रह्लाद जोशी ने लगाया आरोप

हुबली। केंद्रीय मंत्री एवं कर्नाटक में धारवाड़ लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को आरोप लगाया कि नेहा हिरेमथ के कथित हत्यारे के मोबाइल से तस्वीरें लीक करने के पीछे राज्य की कांग्रेस सरकार का हाथ है।

जोशी ने आज संवाददाताओं से सवालिया लहजे में कहा कि जब आरोपी जेल में था तो उसके मोबाइल से तस्वीरें किसने लीक की। उन्होंने कर्नाटक सरकार पर तस्वीरें लीक करने में शामिल होने का आरोप लगाया और मामले की जांच की आवश्यकता पर बल दिया।

नेहा की हत्या के बाद हुबली में एक युवती पर हमले की घटना के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने कहा कि धर्मान्तरण से इनकार करने पर युवती के साथ मारपीट की गई। हुबली क्षेत्र में हिंदू संगठन और समुदाय मजबूत हैं तथा यहां ऐसी घटनाएं हो रही हैं, तो अन्य जगहों पर क्या स्थिति है।

महिलाओं की सुरक्षा और सांप्रदायिक सदभाव पर व्यापक प्रभाव के बारे में चिंता व्यक्त करते हुए उन्होने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति में शामिल लोगों को सत्ता से उखाड़ फेंकना चाहिए। अन्यथा हमारे लिए हिंदू धर्म और संस्कृति को अपने घरों में बनाए रखना मुश्किल होगा।

गौरतलब है कि हुबली-धारवाड़ नगरपालिक निगम के कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की पुत्री नेहा की गत 18 अप्रैल को उसके काॅलेज सहपाठी फयाज कोंडिंकोप्पा ने काॅलेज परिसर में चाकू मारकर हत्या कर दी थी। नेहा के परिवार ने लव जिहाद का आरोप लगाया है।