लोकसभा चुनाव 2024 : भाजपा ने 150 सीटों पर तय किए उम्मीदवार

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए आज पांच राज्यों की करीब 150 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों पर गहनता से विचार विमर्श किया।

भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की गुरुवार शाम यहां एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित हो रही इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने की।

बैठक में केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल एवं भूपेंद्र यादव, कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा, डॉ के लक्ष्मण, डॉ इकबाल सिंह लालपुरा, सुधा यादव, सत्यनारायण जटिया, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़नवीस, भाजपा के उपाध्यक्ष ओम माथुर तथा भाजपा के संगठन महामंत्री बीएल संतोष के अलावा राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ प्रदेशों के चुनाव प्रभारी, सह प्रभारी, पांचों भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री भी मौजूद थे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी एवं प्रेमचंद बैरवा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री माेहन यादव एवं उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेन्द्र शुक्ला तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा मौजूद थे।

सूत्रों के अनुसार इस बैठक में उत्तर प्रदेश की 80, उत्तराखंड की पांच, राजस्थान की 24, मध्यप्रदेश की 29 एवं छत्तीसगढ़ की 11 लाेकसभा सीटों पर चर्चा हुई। इन 149 सीटों में 122 सीटें भाजपा के पास हैं। हारी हुईं 27 सीटों में से अधिकांश नए चेहरे होने की संभावना है जबकि बाकी 122 सीटों में से कई सीटों पर नए चेहरे नज़र आने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार कुछ अन्य राज्यों की महत्वपूर्ण सीटों पर चर्चा हो सकती है।

संभावना है कि एक दो दिन में प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की जाएगी। पहली सूची में करीब सौ उम्मीदवारों के नामों की घोषणा एक दो दिन में जारी किए जाने की संभावना है। बाकी के नाम करीब एक सप्ताह के भीतर जारी किए जा सकते हैं।