मनसे नेता देवेन्द्र साल्वी की सड़क दुर्घटना में मौत, कई कार्यकर्ता घायल

कोल्हापुर/रत्नागिरी। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की मुंबई इकाई के उप प्रमुख देवेंद्र जगन्नाथ साल्वी की मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में मौत हो गई तथा कार चालक सहित 6 अन्य पार्टी कार्यकर्ता घायल हो गए।

संगमेश्वर पुलिस के अनुसार साल्वी मनसे प्रमुख राज ठाकरे की आज शाम रत्नागिरी में होने वाली सार्वजनिक रैली में भाग लेने के लिए इनोवा कार से पार्टी के अन्य पांच कार्यकर्ताओं के साथ रत्नागिरी जा रहे थे।

तुरल गांव में सद्गुरु सेवा केंद्र के पास कार चालक के वाहन से नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना घटी। दुर्घटना में साल्वी (41) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य छह कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।

साल्वी मनसे के सक्रिय कार्यकर्ता थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मनसे नेता नितिन सरदेसाई और बाला नंदगांवकर घायल मनसे कार्यकर्ताओं को हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे।