धन शोधन मामला : बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलिन फर्नांडीज कोर्ट में पेश

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए के धन शोधन मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत में पेश हुई।

दिल्ली पुलिस ने 30 नवंबर को चंद्रशेखर की करीबी बताई जाने वाली मुंबई की पिंकी ईरानी को गिरफ्तार किया था जिसने उसे बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज से मिलवाया था। इस मामले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने आरोप लगाया है कि पिंकी ईरानी सुकेश को एक बड़े व्यापारी के रूप में चित्रित करती थी और कुछ बॉलीवुड हस्तियों को आरोपी सुकेश चंद्रशेखर से संपर्क करने और पैसे की राशि का निपटान करने में सहायक होती थी।

दिल्ली पुलिस ने चंद्रशेखर, उनकी पत्नी लीना मारिया पॉल और अन्य सहित 14 लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के विभिन्न प्रावधानों के तहत अदालत के समक्ष आरोप पत्र दायर किया है।

दिल्ली पुलिस ने चंद्रशेखर के खिलाफ रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटरों शिविंदर सिंह और मालविंदर सिंह की पत्नियों से कथित रूप से 200 करोड़ रूपए की धोखाधड़ी करने के अलावा कई मामलों में उनके खिलाफ चल रही जांच के लिए मामला दर्ज किया है।

अभियोजन पक्ष ने कहा कि आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ने शिविंदर की पत्नी अदिति सिंह और मालविंदर की पत्नी जपना सिंह से उनके पतियों को जमानत दिलाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का बहाना बनाकर कई करोड़ रुपए की ठगी की। वह स्वयं को उनके सामने केंद्रीय कानून मंत्रालय के एक अधिकारी के रूप में प्रस्तुत कर रहा था। दिल्ली पुलिस ने धोखाधड़ी मामले में कथित भूमिका के लिए चंद्रशेखर और उनकी अभिनेता पत्नी लीना मारिया पॉल को गिरफ्तार किया है।