बहराइच में सुहाग सेज पर मृत मिले नव दंपती

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरूवार सुबह नव दंपती सुहाग सेज पर मृत पाए गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गोड़हिया नंबर चार गांव में नव दंपती की बीती देर रात सुहागरात को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों का पता चलने की बात कह रही है।

उन्होने बताया कि कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के गोड़हिया नंबर चार निवासी प्रताप (23) का विवाह ग्राम गोड़हिया नंबर दो गुल्लनपुरवा गांव निवासी पुष्प पुत्री परसराम के साथ 30 मई को हुआ था। 31 मई को बारात वापस गांव पहुंची। बीती रात नव दंपती ने अपना कमरा बंद कर लिया। गुरुवार सुबह दंपती देर तक दरवाजा नहीं खोला तो परिवार के लोग परेशान हुए। सभी ने कमरा खोलकर देखा तो पुष्पा और प्रताप कमरे में दोनों मृत मिले।

लड़का पक्ष के लोगों ने लड़की पक्ष के लोगों को सूचना दी। दोनों के परिवार के लोग एकत्रित हुए और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी कमलेश सिंह और प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह गांव पहुंचे। कोतवाल राजनाथ सिंह का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। वहीं लड़की पक्ष के ग्राम प्रधान बलराम यादव का कहना है कि दोनों की मौत संदिग्ध लग रही है। लड़की के भाई दिनेश यादव जांच की मांग कर रहे हैं।

आग लगने से 15 मकान स्वाहा

बहराइच जिले के हरदी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह आग लगने से 15 मकान जल कर राख हो गए। आग लगने से करीब 20 लाख रूपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।

सूत्रों के अनुसार ज़िले के हरदी थाना क्षेत्र के मुरौवा ग्राम पंचायत के कटान पीड़ित ग्रामीणों को दो वर्ष पूर्व करेहना ग्राम पंचायत के नई बस्ती गांव में बसाया गया था। गांव निवासी चंपा देवी के मकान में गुरुवार सुबह अज्ञात कारणों से आग लग गई। लपटें तेज फैलने लगी।

ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन तेज पछुआ हवा के चलते लपटों ने पड़ोसी उर्मिला सिंह, तुलसीराम, कन्हैया लाल, बसंती सिंह, सिद्धू, मुरली, ननकुन, दिनेश सिंह, सियाराम, परमा प्रसाद, मुन्नी देवी, रामू वर्मा, पवन, विपिन सिंह के घरों को भी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते 15 घर जल गए हैं।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया है। गांव में महज अब तीन मकान ही बचे हैं। एक बकरी की भी आग में जलाकर मौत हो गई। अग्निकांड में करीब 20 लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।

आग लगने की सूचना पर एसडीएम राकेश कुमार मौर्य, सीओ जय प्रकाश त्रिपाठी, थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय, लेखपाल शिव प्रकाश पांडेय, ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार पांडेय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुनील दीक्षित, पूर्व ग्राम प्रधान रमाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे। सभी ने मौके की जांच की।

एसडीएम राकेश कुमार मौर्य ने बताया कि क्षति की रिपोर्ट मिलते ही पीड़ितों को राहत सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अग्निकांड पीड़ितों को करेहना और मुरौवा गांव के कोटेदारों द्वारा 10/10 किलो खाद्यान्न व तिरपाल वितरण के भी निर्देश दिए हैं।