पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, पत्नी चित्रा सिंह का निधन

अलवर। राजस्थान में सैनिक कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद मानवेन्द्र सिंह की गाड़ी मंगलवार को अलवर के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें उनकी पत्नी चित्रा सिंह का निधन हो गया जबकि मानवेन्द्र एवं उनके पुत्र सहित तीन लोग घायल हो गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ तेजपाल सिंह ने बताया कि दिल्ली से जयपुर आते समय मानवेन्द्र सिंह की गाड़ी एक्सप्रेस हाईवे पर नौगावा पुलिस थाना क्षेत्र के खुशपुरी गांव के समीप सायं करीब पांच बजे पुलिया से टकरा गई। गाड़ी स्वयं मानवेंद्र सिंह चला रहे थे। हादसे में उनकी पत्नी चित्रा सिंह की घटनास्थल पर मृत्यु हो गई जबकि स्वयं मानवेंद्र सिंह और उनके पुत्र हमीर सिंह और चालक दिनेश घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा घायलों को अलवर के एक निजी अस्पताल लाया गया। इसके बाद अलवर जिला कलेक्टर आशीष गुप्ता और पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल एवं ज्ञान देव आहूजा भी अस्पताल पहुंचे। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।