नौ वर्षों की विकास यात्रा से देश ने तरक्की के स्थापित किए नए आयाम : दिया कुमारी

जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि देश में आधारभूत संरचना का तेजी से सुदृढ़ीकरण और विस्तार होने के साथ व्यापार सुगम हुआ है और गत नौ वर्षों की विकास यात्रा से देश ने तरक्की के नए आयाम स्थापित किए हैं।

दिया कुमारी विद्याधर नगर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि यह सभी प्रदेशवासियों के लिए गौरव का क्षण है कि हम सभी साथ मिलकर इस विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से विकसित भारत के पथ पर कदम बढ़ा रहे हैं। हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गौरवशाली नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प अवश्य साकार होगा।

उन्होंने बताया कि राज्य में शुरू हुई भारत संकल्प यात्रा आगामी 26 जनवरी तक राजस्थान की सभी ग्राम पंचायतों में जाएगी। देश का प्रत्येक नागरिक को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त, समर्थ एवं समृद्ध बनाना इस यात्रा का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा जन जन को केन्द्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभों से अवगत करा रही है। यात्रा के दौरान न सिर्फ आमजन को योजनाओं की जानकारी मिल रही है बल्कि जो लोग किन्हीं कारणों से इन योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं उन्हें भी इनसे जुड़ने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, जन-धन खातों, मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्टैंड अप इंडिया जैसी योजनाओं से महिलाओं का जीवन आसान हुआ है और उनका आर्थिक एवं सामाजिक विकास सुनिश्चित हुआ है। उपमुख्यमंत्री ने राज्य के नागरिकों से विकसित भारत संकल्प यात्रा को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि वे इसमें बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाकर विकसित भारत के सपने को साकार करने के साक्षी बने।