अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा : वसुंधरा राजे

कोटा। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, महिला एवं दलित अत्याचार तथा बेरोज़गारी बढ़ने का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि अब अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।

राजे रविवार को कोटा में एक रैली में बोल रही थीं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अब प्रदेश इस सरकार से छुटकारा पाना चाह रहा है क्योंकि यह सरकार अधिकांश काग़ज़ों, बयानों, निर्देशों, आपसी झगड़ों और होटलों में ही दिखाई दी है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि हम सिर्फ़ चुनाव ही नहीं, लोगों का दिल भी जीतते है। अब समय आ गया है हर बूथ पर जाएं और लोगों का दिल जीते। प्रदेश में भाजपा और देश में नरेन्द्र मोदी की भाजपा सरकार बनाएं। ध्यान रहे कई बार ख़रगोश कछुए को कमजोर समझ लेने की भी भूल कर लेता है। ऐसा नहीं करना है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियां बोलते हुए कहा कि विश्वास कीजिए अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा और कमल खिलेगा।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस के शासन में विकास तो हुआ पर राजस्थान का नहीं कांग्रेस, भ्रष्टाचार, महिला एवं दलित अत्याचार तथा बेरोज़गारी का हुआ। उन्होंने कहा कि हमने मुफ़्त ईलाज के लिए भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू की, उसका नाम बदल कर इन्होंने चिरंजीवी स्वास्थ्य कर दिया। कहते हैं कि इस योजना में 25 लाख तक का ईलाज होता है, लेकिन 2021 से लेकर अब तक औसतन साढ़े 11 हज़ार रूपए भी चिरंजीवी योजना में एक मरीज़ पर खर्च नहीं हुए।

राजे ने कहा देश में पहली बार हमने महिलाओं को पंचायत राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। नगर निकाय चुनाव में भी 50 प्रतिशत आरक्षण दे रहे थे, पर कांग्रेस अदालत में चली गई और महिलाओं का यह आरक्षण रुक गया।

उन्होंने कहा कि कोटा, बूंदी, झालावाड़, बारां सहित 13 ज़िलों की पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) शुरू की गई उसे भी इस सरकार ने उलझा दिया। नदियों को जोड़ने का काम रुक गया। परवन सिंचाई परियोजना भी वैसे की वैसे ही पड़ी है। हमारे मुख्यमंत्री जल सावलम्बन अभियान भी रोक दिया गया। बिजली की दरें दुगनी से अधिक कर दी गई और वादा करके किसानो का क़र्ज़ माफ़ नहीं किया गया। क़रीब चार दर्जन से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। व्यापारियों के साथ आए दिन लूट पाट हो रही है। साइबर क्राइम तेजी से बढ़ रहा है। खुले आम मर्डर हो रहे है।

राजे ने केन्द्र की मोदी सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र के नौ साल भारत का सौभाग्य काल है। कभी जो देश भारत की तरफ़ आंख उठा कर देखते थे, वो आज भारत के सामने नज़रें झुका कर खड़े हैं। यह अंतर है सिर्फ़ नौ सालों का। उनकी रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने पर कोटा में लंबा जाम लग गया।