राजेन्द्र सिंह राठौड़ भाजपा के ही खिलाफ रचते है साजिश : डोटासरा

जयपुर। राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ पर भारतीय जनता पार्टी के ही खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह भाजपा संगठन का अतिक्रमण कर रहे हैं।

डोटासरा ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राजस्थान की विधानसभा चल रही है और राठौड़ को वहां बोलना चाहिए लेकिन वह बाहर प्रेस कांफ्रेंस कर रहे और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी उनके मुंह की तरफ ताक रहे हैं। उन्होंने कहा कि राठौड़ भाजपा संगठन का अतिक्रमण कर रहे हैं और भाजपा में कोई बोल नहीं पा रहा है जबकि भाजपा की बात भी हमको बोलनी नहीं पड़ रही है। उन्होंने कहा कि संगठन को तो बख्शो।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राठौड़ भाजपा के खिलाफ साजिश रचते हैं। वह पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे एवं सीपी जोशी के खिलाफ साजिश रचते है और मेरे जैसे किसान के बेटे के खिलाफ भी साजिश रचते हैं और वह पचा नहीं पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि फिर भाजपा नेता सतीश पूनियां, जोशी एवं राजे कहां बोलेंगे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राठौड़ ने संगठन को हाईजैक कर लिया है और भाजपा व्यक्ति विशेष का संगठन बन गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदार की होड़ मची हुई और नौ-दस मुख्यमंत्री बने घूम रहे हैं।

हाल में मंत्री पद से बर्खास्त राजेन्द्र सिंह गुढ़ा के मामले में कहा कि हमारे आदमी से क्या सांठगांठ की गई है, आपको क्या पता कि गुढ़ा इस समय यह बोलेगा, यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि राठौड़ ने हमारे किसी नेता को सुबह आठ बजे फोन करके कहा था कि आज हम बड़ा धमाका करने वाले हैं। इससे लगता है कि यह साजिश करने वाली पार्टी है।

डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि मणिपुर की देश को हिला देने वाली घटना जो सबको शर्मसार कर रही थी उसे राजस्थान में हुई एक-दो घटनाओं से जोड़कर इस मुद्दे को डायल्यूट किया गया है।