चूरू में सरपंच के घर डकैती और फायरिंग मामले में 6 आरोपी अरेस्ट

चूरू। राजस्थान के चूरू जिले में शुक्रवार की देर रात राजगढ़ थाना क्षेत्र गोठया बड़ी सरपंच सुनील गोस्वामी के घर में घुसकर लूटपाट करने एवं फायरिंग कर एक व्यक्ति को घायल कर देने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने बताया कि पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में आरोपी भूरा कश्यप (25), भाई राजकुमार कश्यप (31), गुलशन उर्फ पोली कश्यप (19), राजू उर्फ नन्हें कश्यप (55), लखमी उर्फ लखमीचन्द (35) और सागर कश्यप (20) निवासी थाना लोनी जिला गाजीयाबाद को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात इंदर निवासी सरपंच सुनील गोस्वामी के घर अज्ञात लुटेरे दीवार फांद कर घर में घुसे। इस बीच सरपंच की बहू की नींद खुल गई। उसने शोर किया तो सभी लोग जाग गए। इसी दौरान सरपंच के बेटे ने एक मुलजिम को पकड़ लिया तो लुटेरों ने गोली चला दी जो उसके कंधे पर लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास और गांव के लोग इकट्ठा हो गए।

जाग होने पर लुटेरे घर से सोने चांदी के आभूषण और नगद रुपए लूट कर फरार हो गए। भागते समय लुटेरों ने 2-3 ओर फायर किये। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया गया। कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों का एक गिरोह है। इनमें अधिकतर गाजियाबाद जिले के है। आरोपी वारदात के लिए गाड़ी से आते हैं और रेकी के बाद किसी मकान को टारगेट कर डकैती की वारदात करते हैं। विरोध होने पर फायरिंग करने से नहीं चूकते।