उज्जैन में बच्ची के साथ रेप मामले में SIT गठित, आरोपियों की तलाश जारी

उज्जैन। मध्यप्रदेश के उज्जैन में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और बर्बरता के मामले में आज पुलिस प्रशासन ने संपूर्ण मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दिया। वहीं पीड़ित लड़की का इंदौर के एक अस्पताल में इलाज जारी है।

उज्जैन पुलिस अधीक्षक एस शर्मा ने बताया कि उज्जैन के महाकाल थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसआईटी आरोपियों के बारे में पता लगाने के लिए सक्रिय हो गई है।

उन्होंने कहा कि इस घटना के संबंध में लड़की अभी कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रही है। इलाज के दौरान उसे रक्त की आवश्यकता भी थी और उसकी व्यवस्था भी पुलिस ने की। उसका बेहतर से बेहतर इलाज किया जा रहा है।

लड़की के साथ दुष्कर्म और बर्बरता के संबंध में पूछे जाने पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घटना कहां पर घटित हुई है, इसको लेकर भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य भी जुटा रही है। पीड़ित लड़की के बारे में अभी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। लेकिन लड़की की भाषा के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि शायद वह प्रयागराज (उत्तरप्रदेश) क्षेत्र की है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लड़की के साथ दुष्कर्म की पुष्टि मेडिकल जांच में हो गई है। उन्होंने जनता से अपील की है कि उन्हें यदि इस घटना के संबंध में कोई जानकारी है तो, वह पुलिस को मुहैया कराएं।

इस बीच पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह लड़की नाबालिग लग रही है, हालाकि उसकी उम्र को लेकर अब तक कोई दस्तावेज सामने नहीं आया है। बताया गया है कि सोमवार को वह उज्जैन के बड़नगर मार्ग पर बेसुध हालत में मिली थी। उसके शरीर पर गंभीर चोट के भी निशान हैं, जो उसके साथ की गयी बर्बरता की ओर इशारा करते हैं।

नाजुक हालत होने के कारण पुलिस प्रशासन ने उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर भिजवाया है। इस घटना के संबंध में पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है और संदेह के आधार पर कुछ लोगाें को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।