देवनानी ने स्वीकार किया महेन्द्र जीत सिंह मालवीय का त्याग पत्र

जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बांसवाडा जिले के बागीदौरा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य महेन्द्र जीत सिंह मालवीय का विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

विधानसभा के प्रमुख सचिव महावीर प्रसाद शर्मा ने इस संबंध में बुलेटिन जारी कर यह जानकारी देते हुए बताया कि मालवीय का स्वेच्छा से दिया गया त्याग पत्र गत 27 फरवरी से स्वीकार कर लिया गया।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस विधायक मालवीय ने कुछ दिनों पहले कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। इसके बाद उन्होंने विधानसभा सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। मालवीय चार बार विधायक एवं एक बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। वह राज्य सरकार में मंत्री भी रहे।