धौलपुर में भाजयुमो अध्यक्ष व किसान मोर्चा अध्यक्ष के बीच मारपीट में तीन घायल

धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र घुरैया और किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र उर्फ मंगे कसाना के बीच रविवार को मारपीट तथा फायरिंग हो गई जिसमें तीन लोग घायल हो गए।

भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय के बाहर जिस समय घटना हुई उस दौरान कार्यालय में पार्टी का बड़ा कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजस्थान लोकसभा चुनाव प्रभारी विनय सहस्त्र बुद्धे, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत सहित कई बड़े नेता मौजूद थे। घटना में भाजयुमो जिला अध्यक्ष घुरैया का सिर फट गया। इसके अलावा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र उर्फ मंगे कंसाना के भाई रामकेश के पेट में गोली लगी है। सतीश नाम का युवक भी घायल हुआ है।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है। चार दिन पहले भाजपा के कार्यक्रम में दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। मामले को उसी समय सुलझा लिया गया था। रविवार को भाजपा कार्यालय पर सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम चल रहा था इसी दौरान शाम करीब पांच बजे कार्यालय के बाहर दोनों पक्ष एक बार फिर से आमने-सामने हो गए। जहां दोनों पक्षों के बीच फायरिंग और मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों से तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।

घटना के बाद दोनों ही पक्षों को एक-एक कर इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। एक पक्ष के लोगों को रेफर करने पर परिजन उन्हें आगरा ले गए। तो वहीं, दूसरे पक्ष का जिला अस्पताल में ही इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में पुलिस टीम तैनात की गई है।