पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तोडा इंडिया गठबंधन से नाता

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी के राज्य में इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं बनने और अकेले चुनाव लड़ने की बुधवार को घोषणा की।

बनर्जी ने वर्दमान जिले से रवाना होने से पहले संवाददाताओं से यह बात कही। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के साथ हमारा कोई संबंध नहीं है और हम राज्य की 42 लोकसभा सीटों पर अपनी ताकत से चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि मेरा कांग्रेस के साथ कोई रिश्ता नहीं है। हम अकेले लड़ेंगे और अखिल भारतीय स्तर पर चुनाव के बाद निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस राज्य में कांग्रेस को दो सीटें देना चाहती थी, लेकिन वे और सीटें चाहते थे, जो उनकी पार्टी को स्वीकार्य नहीं है।

तृणमूल कांग्रेस नेता ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने वाली कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि उनका पश्चिम बंगाल आने का कार्यक्रम है, लेकिन उनमें (कांग्रेस) हमें सूचित करने का शिष्टाचार तक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस 300 सीटों तक लड़ सकती है और अन्य पार्टियां भी चुनाव लड़ें।

ममता बनर्जी के बिना इंडिया गठबंधन की कल्पना नहीं : कांग्रेस