जियो का धमाकेदार ऑफर : 399 रुपए में 28 दिन और 3,999 रुपए में पूरे साल मिलेगा अनलिमिटेड डेटा

0

नई दिल्ली। रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों को नए साल का तोहफा देते हुए अनलिमिटेड डेटा वाले दो नए रिचार्ज ऑफर पेश किए हैं। कंपनी ने 28 दिन और 365 दिन की वैधता वाले प्लान में 4जी और 5जी डेटा पर लगी दैनिक सीमा समाप्त कर दी है। नए ऑफर के तहत अब ग्राहक निर्धारित प्लान में बिना दैनिक डेटा लिमिट की चिंता किए इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकेंगे।

जियो की यह पेशकश ‘हैप्पी न्यू ईयर 2.0’ ऑफर के तहत की गई है। कंपनी के 399 रुपए वाले प्लान में 28 दिन की वैधता मिलेगी, जबकि 3,999 रुपए का वार्षिक प्लान 365 दिन तक प्रभावी रहेगा। दोनों प्लान में अनलिमिटेड 4जी और 5जी डेटा के साथ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग तथा प्रतिदिन 100 एसएमएस की सुविधा दी जाएगी।

अब तक इन प्लान में प्रतिदिन 2.5 जीबी डेटा की सीमा लागू थी। नए बदलाव के बाद यह सीमा हटा दी गई है। कंपनी के अनुसार, ग्राहक 24 नवंबर से इन प्लान का रिचार्ज करा सकेंगे। इनकी सुविधा मायजियो ऐप, जियो की वेबसाइट, जियो स्टोर और अधिकृत रिटेलर के माध्यम से उपलब्ध होगी।

ओटीटी और डिजिटल सेवाओं का भी मिलेगा लाभ

399 रुपए वाले प्लान में 12 महीने की कैनवा प्रो सदस्यता, जियोहॉटस्टार मोबाइल और हॉलीवुड कंटेंट, जियो टीवी के माध्यम से फैनकोड, जियोगेम्स तथा जियोएआईक्लाउड पर 50 जीबी क्लाउड स्टोरेज जैसे अतिरिक्त लाभ भी शामिल हैं। वहीं, 3,999 रुपए के वार्षिक प्लान में 12 महीने की कैनवा प्रो लाइट सदस्यता, जियोहॉटस्टार मोबाइल, जियो टीवी के माध्यम से फैनकोड और 50 जीबी क्लाउड स्टोरेज की सुविधा मिलेगी।

15 और 25 रुपए के अनलिमिटेड 5जी ऐड-ऑन पैक भी

जियो ने कम अवधि के लिए इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए 15 और 25 रुपए के अनलिमिटेड 5जी डेटा ऐड-ऑन पैक भी पेश किए हैं। 15 रुपए के पैक में एक दिन और 25 रुपए के पैक में दो दिन तक अनलिमिटेड 5जी डेटा मिलेगा। 15 रुपए वाला पैक पहले से उपलब्ध है, जबकि 25 रुपए वाला पैक 24 नवंबर से रिचार्ज के लिए उपलब्ध होगा।

इसके अलावा कंपनी 50 रुपए का अनलिमिटेड नाइट डेटा पैक भी लाने जा रही है। यह पैक 26 नवंबर से उपलब्ध होगा। इसके तहत ग्राहक 28 दिनों तक प्रतिदिन रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक अनलिमिटेड 4जी और 5जी डेटा इस्तेमाल कर सकेंगे। इस दौरान इस्तेमाल किया गया डेटा दिन के नियमित डेटा बैलेंस से अलग रहेगा।