मुंबई। फिल्म निर्माता रिया कपूर की न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान 1.35 करोड़ रुपए मूल्य के हीरे जड़े हुए दो जोड़ी झुमके गायब होने के मामले में मुंबई पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रिया कपूर की टीम 27 अप्रैल को मुंबई से दुबई होते हुए न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुई थी। टीम में शामिल मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह अपने हैंडबैग में दो ज्वेलरी बॉक्स लेकर यात्रा कर रही थीं। न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद जब उन्होंने झुमके सौंपने के लिए बॉक्स खोले तो दोनों बॉक्स खाली मिले।
मामले में सहर पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत चोरी का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत टीम के मुंबई लौटने के बाद दर्ज कराई गई। पुलिस मुंबई हवाई अड्डे, दुबई ट्रांजिट और न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद की परिस्थितियों समेत विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि रिया कपूर अभिनेता अनिल कपूर की पुत्री हैं और मेट गाला 2026 में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क गई थीं। सवलीन सिंह पिछले सात वर्षों से उनके साथ काम कर रही हैं।



