शमिक भट्टाचार्य पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य शमिक भट्टाचार्य को पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष घोषित किया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी रविशंकर प्रसाद ने यहां साइंस सिटी ऑडिटोरियम में पार्टी की महिला सदस्यों द्वारा शंखनाद और जयकारे के बीच भट्टाचार्य के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की। वह 2026 के विधानसभा चुनावों में पार्टी का नेतृत्व करेंगे।

प्रसाद ने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए केवल भट्टाचार्य की ओर से केवल नामांकन प्राप्त हुआ, जो पार्टी के अनुशासन को साबित करता है। भट्टाचार्य ने केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार की जगह ली है।

मजूमदार ने राज्य के सभी मुद्दों पर पार्टी के लिए लड़ने तथा ममता बनर्जी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ 2026 के विधानसभा चुनाव में एकजुट प्रयास की प्रतिबद्धता जताई।

पूर्व आरएसएस प्रचारक भट्टाचार्य(61) ने कहा कि वह लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा में पुराने और नए पदाधिकारियों के बीच कोई अंतर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बेदखल करने के लिए अगले साल के चुनावों में एकजुट होकर लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। जनता ने पहले ही तय कर लिया है कि किसे वोट देना है और किसे बाहर करना है। भट्टाचार्य का अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल तीन साल का होगा।