मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही सक्रिय हुए सम्राट चौधरी, अधिकारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की

1

पटना। बिहार में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता सम्राट चौधरी ने आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के ठीक बाद यहां पुराना सचिवालय पहुंचकर विधिवत अपना कार्यभार ग्रहण किया।

चौधरी ने मुख्यमंत्री का पद भर संभालते ही राज्य के वरिष्ठ प्रशसनिक सेवा के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक बुलाई, जिसमें विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव और अधिकारी शामिल हुए। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य शासन-प्रशासन को गति देना और लंबित योजनाओं की समीक्षा करना था।

इस बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की प्राथमिकता जनता से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर विभाग को तय समय सीमा के भीतर अपने लक्ष्य पूरे करने होंगे।

मुख्यमंत्री चौधरी ने अधिकारियों को खासतौर पर सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों के निपटारे में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करनी है, जिसमे जनसामान्य को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनकी समस्याओं का समाधान समय पर हो। उन्होंने ऑनलाइन सेवाओं को बढ़ावा देने और सरकारी सेवाओं को सुलभ और आसन बनाने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तर्ज पर कहा कि जिन परियोजनाओं में देरी हो रही है, उनके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने नई योजनाओं के प्रस्ताव भी जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। चौधरी सचिवालय में पदभार ग्रहण करने के बाद भाजपा के प्रदेश कार्यालय गए और वहां बड़ी संख्या में इंतजार कर रहे कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।