फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद शहर के थाना उत्तर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक महिला के गंभीर रूप से घायल एवं वस्त्रहीन अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने महिला को तत्काल उपचार के लिए सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
पुलिस के अनुसार कोटला रोड पर आबादी से बाहर खेत के किनारे रहने वाली महिला शुक्रवार सुबह अपनी झोपड़ी से कुछ दूरी पर अचेत अवस्था में मिली। उसके सिर पर गंभीर चोट थी और रक्तस्राव हो रहा था। सूचना मिलने पर थाना उत्तर पुलिस तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद महिला को एंबुलेंस से सरकारी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला अपने पांच बच्चों के साथ झोपड़ी में रहकर मजदूरी एवं पत्थर से जुड़े कार्य करके जीविकोपार्जन करती है। बच्चों ने पुलिस को बताया कि रात में दो नकाबपोश व्यक्ति उनकी मां को जबरन अपने साथ ले गए थे। हालांकि पुलिस इस दावे का सत्यापन कर रही है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) रविशंकर प्रसाद ने बताया कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
महिला के साथ दुष्कर्म की आशंका संबंधी प्रश्न पर एसपी सिटी ने कहा कि चिकित्सकीय परीक्षण की रिपोर्ट और पीड़िता के होश में आने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि मामले में जांच जारी है और चिकित्सकीय रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



