लंदन। ब्रिटेन के मिडिल्सब्रो के पास शनिवार तड़के पुलिस वाहन और एक कार की टक्कर में कई लोगों की मौत हो गई।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार यह हादसा नॉर्थ यॉर्कशायर के साउथ बैंक में ए66 मार्ग पर हुआ। स्थानीय मीडिया ने क्लीवलैंड पुलिस के हवाले से कहा कि आज तड़के करीब 3.39 बजे साउथ बैंक में ए66 पर एक पुलिस वाहन और वोक्सवैगन पासाट के बीच टक्कर हुई। दुर्भाग्य से इस हादसे में कई लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर बड़ी संख्या में आपातकालीन सेवाओं के वाहन मौजूद हैं और सड़क को कुछ समय तक बंद रखा जाएगा। नॉर्थ ईस्ट एंबुलेंस सेवा के अनुसार, उसे दो वाहनों की टक्कर की सूचना मिली थी। इसके बाद 14 आपातकालीन इकाइयों को घटनास्थल पर भेजा गया, जिनमें एंबुलेंस दल, एक विशेषज्ञ पैरामेडिक, हाजर्डस एरिया रिस्पॉन्स टीम और ग्रेट नॉर्थ एयर एंबुलेंस सेवा के एक चिकित्सक शामिल थे।
पुलिस ने अभी तक मृतकों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं की है। रेडकैर निर्वाचन क्षेत्र की सांसद अन्ना टर्ली ने कहा कि आज सुबह ए66 पर हुई घातक दुर्घटना की खबर से मैं बेहद दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं, जिन्होंने इस हादसे में अपनी जान गंवाई, और उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस भयावह घटना से प्रभावित हुए हैं।
पुलिस ने बताया कि अधिकारी मृतकों की पहचान करने और उनके परिवारों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, घटना की स्थिति तेजी से बदल रही है। हादसे के बाद ए66 मार्ग पर नॉर्मनबी रोड और एस्टन के चर्च लेन के बीच दोनों दिशाओं में यातायात बंद है।



