महाराष्ट्र के रायगढ़ में शिवसेना (शिंदे) पार्षद मानसी कालोखे के पति की हत्या

कोल्हापुर। महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले के खोपोली में शिवसेना (शिंदे गुट) की पार्षद मानसी कालोखे के पति की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से हत्या कर दी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने पीड़ित की पहचान पूर्व पार्षद और शिवसेना (शिंदे गुट) की पार्षद मानसी कालोखे के पति मंगेश कालोखे के रूप में की है। वह अपने बेटे को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे। सूत्रों के अुनसार अचानक एक कार आई और अज्ञात हमलावरों ने मंगेश को रोककर उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मंगेश की मौके पर ही मौत हो गई और हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हमलावरों काे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया। मामले की जांच जारी है।