कोई आपकी बुराई करें तो उस पर प्रतिक्रिया ना करें : हरि शरण महाराज

श्रीमद् भागवत कथा एवं नानी बाई का मायरा
अजमेर। संसार का अपना एक प्रभाव है। मान, अपमान, प्रतिकूलता, अनुकूलता, सुख दुख, अच्छा, बुरा जीवन में आता जाता रहेगा। कभी आपको संसार अनुकूल लगेगा कभी प्रतिकूल। किसी की बुराई करना नहीं, कोई आपकी बुराई करें तो उस पर प्रतिक्रिया करनी नहीं। अगर मनुष्य अपने जीवन में यह सोच अपना ले तो जीवन सुखमई व शांतिपूर्ण हो जाएगा। ऐसी सोच से दुनियादारी के कष्ट से दूर हो जाते हैं। अगर किसी ने बुरा कर भी दिया तो उस पर ज्यादा विचार ना करो, यह पूर्व जन्म में की गई गलतियों का फल माने।

यह बात कथावाचक हरि शरण महाराज ने शास्त्री नगर स्थित भक्त पहलाद पार्क संख्या में चल रही श्रीमद् भागवत कथा एवं नानी बाई का मायरा प्रसंग के दौरान कही। महाराज ने मोहने ले जावा आया रे पिताजी, दुनियादारी कुछ भी कहो, मने माहरा बाबा जी’ भजनों से भक्तजनों को भाव विभोर कर दिया। भक्त मन्त्र मुग्ध होकर नाचने लगे।

डॉ. प्रमोद कुमार पारीक की ओर से श्रीमद भागवत कथा में उपस्थित भक्तों को वर्ष 2024 के कैलेंडर वितरित किए गए। फूलचंद महावर, आरके दिवाकर, सतीश गोयल, एसडी मिश्रा, शारदा दाधीच, मोनिका शरण ने व्यवस्था संभालने में सहयोग किया।

संकीर्तन में शामिल होंगे इस्कॉन के प्रभुगण

प्रवक्ता राजेश दाधीच ने बताया कि 21 दिसंबर को निकाले जाने वाली प्रभातफेरी के स्थान व समय में परिवर्तन किया गया है। हरि शरण महाराज की प्रार्थना सभा सुबह 5 बजे से होगी। उसके बाद प्रभातफेरी भक्त प्रह्लाद पार्क नं. 3 से ही शुरू होगी। प्रभातफेरी का समय सुबह लगभग 6.45 बजे रहेगा। प्रभातफेरी व संकीर्तन में इस्कॉन के प्रभुगण भी शामिल होंगे। प्रभातफेरी सामुदायिक भवन, शिव मंदिर प्रथम, शोपिंग सेंटर प्रथम, चुंगी चौकी होते हुए पन: कथा स्थल पहुंचेगी।

प्रभातफेरी को पूरा हुआ एक साल

हरि शरण महाराज की प्रेरणा, कृपा व आशीर्वाद से तथा सभी की भक्ति भावना, समर्पण व सहयोग से प्रभातफेरी गीता जयंती 3 दिसंबर 2022 से लगातार चल रही है। प्रभातफेरी का एक साल पूर्ण होने पर शिव मंदिर प्रथम पर हरि शरण महाराज सभी सहभागियों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे साथ ही भविष्य में इसकी निरन्तरता के लिए शुभकामनाएं देंगे। प्रसाद वितरण होगा।