पंचतत्व में विलीन हुई सिम्मी अग्निहोत्री, पति मुकेश व बेटी आस्था ने दी मुखाग्नि

शिमला/ऊना। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं। डा. सिम्मी अग्निहोत्री के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित प्रदेश सरकार की कैबिनेट के तमाम सदस्य और सत्ता व विपक्ष के अनेकों विधायक भी अग्निहोत्री को सांत्वना देने के लिए पहुंचे। अग्निहोत्री ने अपने जीवनसाथी को नम आंखों के साथ अंतिम विदाई दी। उनके अंतिम संस्कार की सभी क्रियाओं को खुद सिर पर तेड़ बांधकर पूरा किया।

अग्निहोत्री परिवार की बेटी आस्था अग्निहोत्री ने भी अपनी मां की अर्थी को कंधा दिया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने भी दिवंगत सिम्मी अग्निहोत्री की पार्थिव देह को श्री अग्निहोत्री के साथ मिलकर कंधा दिया। गौरतलब है कि अग्निहोत्री की धर्मपत्नी सिम्मी अग्निहोत्री का शुक्रवार और शनिवार की मध्य रात्रि दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

इसके बाद उनकी पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद स्थित आस्था कुंज में रखा गया था। सुक्खू और मंत्रिमंडल के तमाम सदस्यों सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी विधायकों ने उप मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें सांत्वना प्रदान की।

उप मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री शनिवार को पंचतत्वों में विलीन हो गईं। उप मुख्यमंत्री के पैतृक गांव गोंदपुर जयचंद में बेहद गमगीन माहौल के बीच डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू खुद डॉ सिम्मी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए उप मुख्यमंत्री के निवास पर पहुंचे। इसके अतिरिक्त सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई विधायक तथा प्रदेश सरकार के लगभग सभी कैबिनेट मंत्री भी उपमुख्यमंत्री के निवास पर पहुंचे।

अग्निहोत्री ने अपनी जीवनसाथी को अंतिम विदाई देते हुए उनके अंतिम संस्कार की सभी क्रियाओं को खुद पूरा किया। इसके अतिरिक्त उनकी बेटी आस्था अग्निहोत्री ने भी नम आंखों के साथ अपनी मां को अंतिम विदाई देते हुए उनकी अर्थी को कंधा दिया। सुक्खू ने भी पैदल चलकर डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री की अंतिम यात्रा में भाग लिया और उपमुख्यमंत्री के साथ उनकी अर्थी को कंधा देते हुए मोक्ष धाम तक पहुंचे।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला ने श्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी सिम्मी अग्निहोत्री के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति से उबरने की प्रार्थना की है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि डॉ. अग्निहोत्री का निधन अग्निहोत्री परिवार ही नहीं बल्कि कांग्रेस पार्टी के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री के साथ संवेदनाएं व्यक्त करते हुए भगवान से डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री को मोक्ष प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर अंतिम यात्रा में कांग्रेस की राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कृषि मंत्री चन्द्र कुमार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, लोक निर्माण तथा शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, नगर एवं ग्राम नियोजन तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, आयुष मंत्री यादविन्द्र गोमा, विधायकगण, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, राजनेता तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।