सिंधी समाज को राष्ट्र के विकास में निभानी होगी सक्रिय भागीदारी : देवनानी

नागपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा है कि सिंधी समाज को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। देवनानी ने रविवार को नागपुर में सिंधी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज व्यापार और उद्योग में अग्रणी है । उन्होंने कहा कि हम सभी को भारतीय संस्कृति का वाहक बनना होगा।

देवनानी ने कहा कि हमें अपनी मातृभूमि पर गर्व होना चाहिए। सिंधी भाषा प्राचीन और मधुर भाषा है। उन्होने सिंधी भाषा के विकास पर चर्चा करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज को देश की अर्थव्यवस्था को विश्व में आगे लाने के लिए प्रयास करने होंगे।

उन्होंने कहा राष्ट्रगान में भी सिंध का उल्लेख है। यह हमारी पहचान है और हम अंतरात्मा के साथ देश के विकास से जुड़े हुए हैं। देवनानी ने कहा कि गरीबों के उत्थान में समाज मदद करें। भारत विश्व गुरु था, है और रहेगा। समाज को देश के सभी क्षेत्र के विकास में योगदान देना होगा। नागपुर में सिंधी समाज द्वारा दिए गए स्नेह और सम्मान के लिए देवनानी ने आभार व्यक्त किया।

भारतीय सिंधु सभा एवं सिंधी समाज द्वारा राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष देवनानी का अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर भारतीय सिंधु सभा के राष्ट्रीय संरक्षक घनश्याम कुकरेजा, संत शनम्मुख दास उदासी, संत दामोदरदास, संत तुलसी दास खुशलानी, प्रमिला मुथरानी सहित समाज के गणमान्य लोग मौजूद थे।

देवनानी ने नागपुर में डॉक्टर हेडगेवार को दी श्रद्धांजलि

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को नागपुर में डॉक्टर हेडगेवार स्मृति स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। देवनानी ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर डा हेडगेवार को श्रद्धांजलि दी। वह दीक्षा भूमि भी गए। देवनानी ने हेडगेवार की जन्मस्थली पर पहुंचकर पवित्र स्थल के दर्शन किए। देवनानी ने कहा कि डॉक्टर हेडगेवार के आदर्श अनुकरणीय है। उनके त्याग को राष्ट्र सदैव याद रखेगा।