सिरोही नगर में भाजपा का समर्पण निधि अभियान का आगाज

सिरोही। किसी भी राजनीतिक दल को अपने ध्येय में सफल होना है तो उसे भरोसेमंद जनशक्ति के साथ-साथ धनशक्ति की भी आवश्यकता होती है यह उदगार व्यक्त करते हुए भाजपा नगर अध्यक्ष लोकेश खण्डेलवाल ने पं. दीनदयाल समर्पण निधि अभियान के नगर में शुभारंभ के मौके पर कहा कि निधि समर्पण से पदाधिकारियों के काम का रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा।

भाजपा के प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार आयोजित निधि समर्पण अभियान के शुभारंभ अवसर पर भाजपा नगर मंडल सिरोही के सारणेश्वर शक्ति केंद्र पर स्थानीय संतोषी माता मंदिर नयावास में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके बूथ संख्या 251से 258 के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के ‘विजय संकल्प वर्ष 2023’ लक्ष्य के अनुरूप अपना स्वैच्छिक निधि समर्पण किया।

नगर अध्यक्ष लोकेश खण्डेलवाल ने इस मौके पर बताया कि भाजपा के आधार स्तंभ उसके कार्यकर्ता हैं पार्टी की जीत का मंत्र अंतिम छोर का कार्यकर्ता होता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की संगठन शक्ति के बूते हमारा दल आत्मनिर्भर बने और कार्यकर्ताओं को अपनी पार्टी होने गौरव महसूस हो इसलिए पार्टी में राशि का समर्पण किया जाता है इसमें पार्टी का उद्देश्य मात्र निधि संग्रह नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग व व्यक्ति तक पहुंचना बड़ा ध्येय हैं। खंडेलवाल ने बताया कि आज एक एक बूथ समिति का डिजिटलाइजेशन हो रहा है हमारा संपर्क बूथ स्तर तक है और यह एक उपलब्धि है।

इसी प्रकार अभियान के नगर संयोजक व महामंत्री जब्बरसिंह चौहान ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए विश्वास व्यक्त कर कहा कि शहर के तीनों शक्ति केंद्र पर इस महा अभियान को पूरे मनोयोग से कार्यकर्ता पूर्ण करेंगे। उन्होंने बताया कि निधि समर्पण में बूथ के छोटे से लेकर बड़े पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि अपने अपने बूथ पर समर्पण करेंगे। यह भी बताया कि नमो ऐप के माध्यम से डिजिटल भुगतान की सुविधा भी पार्टी ने शुरू की है।

इस अवसर पर समर्पण के पश्चात कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त कर कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और अटक से कटक तक भाजपा का व्यापक जनाधार है और संवैधानिक व्यवस्था में संगठन की इन सभी इकाइयों को निरंतर सक्रिय बनाए रखने के लिए कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यालय और कोष की आवश्यकता होती है। सभी ने राजनीति के सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता और जवाबदेही लाने के लिए कृत संकल्पित होने का मंत्र दोहराया।

कार्यक्रम के अंत में अभियान के सह संयोजक माणकचंद सोनी एवं हरिकिशन रावल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर मीडिया प्रभारी चिराग रावल, शक्ति केंद्र संयोजक प्रवीण राठौड़, पार्षद मणिदेवी माली, दमयंती डाबी, भंवरसिंह चौहान, गोविंदसिंह बारड़, शिवलाल जीनगर, बूथ अध्यक्ष मनराजसिंह, कन्हैयालाल पटेल, कपूराराम पटेल, चुन्नीलाल पटेल, रिक्षितसिंह कोटेसा, महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रीति चौहान, प्रशांतसिंह काबा, बंटी कोटेसा, शैतानसिंह परमार, इंदरसिंह मकवाना, नगर मंत्री महेंद्र माली, नारायण देवासी, अरुण ओझा, भंवर माली, गोविंद सैनी, रमेश माली सहित बूथ अध्यक्ष, बूथ सदस्य, सक्रिय कार्यकर्ता, पार्षद, समर्थक एवं पदाधिकारी मौजूद थे।