घोड़ाडोंगरी स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेन के डिब्बे से उठा धुआं, 19 मिनट बाद रवाना हुई गाड़ी

0

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस के एक स्लीपर कोच के पहियों से धुआं उठने के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ब्रेक बाइंडिंग के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई और तकनीकी जांच के बाद ट्रेन को 19 मिनट की देरी से आगे रवाना किया गया।

रेलवे सूत्रों के अनुसार सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस (12791) सोमवार रात करीब 9 बजकर 48 मिनट पर घोड़ाडोंगरी स्टेशन पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन के एस-7 स्लीपर कोच के पहियों से अचानक तेज धुआं निकलता दिखाई दिया। घटना को देखकर कुछ यात्री घबराकर ट्रेन से नीचे उतर आए।

अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन पर गश्त कर रहे रेलवे सुरक्षा बल के जवान आंतरिक शर्मा ने तत्काल इसकी सूचना ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों को दी। इसके बाद आरपीएफ और रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

आरपीएफ पोस्ट बैतूल के प्रभारी राजेश बनकर ने बताया कि स्टेशन पर उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों और ट्रेन की पेंट्री कार में रखे फायर एक्सटिंग्विशरों की मदद से गर्म पहियों की कूलिंग की गई। इसके साथ ही तकनीकी कर्मचारियों ने ब्रेक पैड की जांच कर आवश्यक सुधार किए।

उन्होंने बताया कि पूरी सुरक्षा जांच के बाद रात 10 बजकर 7 मिनट पर ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे रवाना कर दिया गया। इस दौरान ट्रेन लगभग 19 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मरामझिरी, धाराखोह और घोड़ाडोंगरी के बीच घाट सेक्शन में लगातार ढलान होने के कारण ट्रेनों में बार-बार ब्रेक लगाना पड़ता है। इससे ब्रेक पैड और पहियों के बीच अत्यधिक घर्षण उत्पन्न होता है, जिसके कारण पहिए गर्म होकर धुआं छोड़ने लगते हैं।

तकनीकी विशेषज्ञों ने बताया कि गर्मी के मौसम में इस प्रकार की घटनाएं कभी-कभी देखने को मिलती हैं और आधुनिक ब्रेक प्रणाली में इसे सामान्य तकनीकी स्थिति माना जाता है। अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और न ही किसी प्रकार की क्षति हुई।